फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत ने कंगारुओं के खिलाफ खेला नया दांव, मेलबर्न में हनुमा-मयंक देंगे 'ओपनिंग टेस्ट'

Wed, 26 Dec 2018 12:28 AM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
TEAM INDIA
विज्ञापन

भारतीय टीम प्रबंधन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में हनुमा विहारी और मयंक अग्रवाल के रूप में नई सलामी जोड़ी उतारने का फैसला किया है। हनुमा को मध्यक्रम से शीर्ष क्रम पर लाया गया है जबकि मयंक को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया गया है। 'आउट ऑफ फार्म' चल रहे अनुभवी ओपनर मुरली विजय और लोकेश राहुल इस टेस्ट में टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं। 

विज्ञापन


पर्थ में खेले गए दूसरे टेस्ट  में 146 रन की हार के बाद भारत को प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए एक हफ्ते का समय मिला। कप्तान विराट कोहली के पास ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को उतारने का विकल्प था लेकिन इसकी बजाय उन्होंने फिट हो चुके रोहित शर्मा के रूप में अतिरिक्त बल्लेबाज को अंतिम एकादश में रखने का निर्णय लिया।

भारतीय टीम प्रबंधन ने परंपरा से हटकर एक दिन पहले ही अंतिम एकादश की घोषणा कर दी जिससे टीम के संभावित संयोजन को लेकर अटकलों पर भी विराम लग गया। राहुल बेहद खराब फॉर्म से गुजर रहे थे और उन्होंने दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में कुल 48 रन बनाए हैं। इनमें 44 रन उनका सर्वाधिक स्कोर था जो उन्होंने एडिलेड में बनाए थे। मुरली विजय का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा। उन्होंने चार पारियों में 49 रन बनाए। इस साल उनकी औसत आठ मैचों में 18.80 रही। विदेशों में तो उनकी औसत सात टेस्ट मैचों में 12.64 रह गई।  
विज्ञापन


चयन समिति के अध्यक्ष एम एस के प्रसाद यह पहले ही स्पष्ट कर चुुके हैं कि युवा ओपनर पृथ्वी शॉ के चोटिल होने की स्थिति में हनुमा और मयंक की जोड़ी का प्रयोग अस्थायी है। मयंक अग्रवाल को टेस्ट पदार्पण का मौका घरेलू क्रिकेट और भारत ए के लिए ढेरों रन बनाने का इनाम मिला है। जबकि हनुमा आंध्र प्रदेश के लिए तीसरे क्रम पर खेलते रहे हैं लेकिन इससे पहले प्रथम श्रेणी में हैदराबाद के लिए ओपनिंग कर चुके हैं। उन्होंने पहले दो टेस्ट मैचों में अपनी तकनीक और प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है जिसके चलते उन्हें ऑस्ट्रेलियाई के तेज गेंदबाजों मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के आगे यह दायित्व सौंपा गया है।

पहले भी हुए हैं रोहित के लिए बदलाव 

भारतीय थिंकटैंक ने रोहित शर्मा की अंतिम एकादश में जगह सुनिश्चित करने के लिए बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया है लेकिन पहले भी ऐसा होता रहा है। इससे पहले 2014 के दौरे में सिडनी में चेतेश्वर पुजारा को ड्रॉप किया गया था। इसके अलावा 2015 के कोलंबो टेस्ट में अजिंक्य रहाणे को तीसरे क्रम पर भेजा गया था। हालांकि रोहित टेस्ट क्रिकेट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में भारत के 250 रन में 37 रन की आक्रामक पारी खेली थी। 

स्पिनर के रूप में जडेजा भी शामिल 
बल्लेबाजी के अलावा भारतीय टीम में एक बदलाव गेंदबाजी में किया गया है। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह के साथ स्पिनर रविंद्र जडेजा को शामिल किया गया है जो कंधे में खिंचाव की समस्या से निजात पा चुके हैं। चोटिल ऑफ स्पिनर आर अश्विन तीसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं क्योंकि उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए अभी उन्हें और समय की जरूरत है।

ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी टीम में एक बदलाव किया है। पीटर हैंड्सकॉम्ब की जगह ऑलराउंडर मिचेल मार्श को शामिल किया गया है। मेजबान टीम ने यह बदलाव मेलबर्न की पिच को ध्यान में रखकर किया है जो बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जा रही है। पिछले साल दिसंबर में यहां एशेज सीरीज का मैच ड्रॉ रहा था और आईसीसी ने पिच की खराब रेटिंग दी थी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं  

भारत : विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी। 

ऑस्ट्रेलिया : टिम पेन (कप्तान एवं विकेटकीपर), मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, शॉन मार्श, मिचेल मार्श, नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड। 
 
तकनीकी रूप से दक्ष हैं हनुमा 

चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद, ने कहा, 'अगले दो टेस्ट में अगर हनुमा सलामी बल्लेबाज की भूमिका में विफल होते हैं तो भी उन्हें मध्यक्रम में पूरा मौका मिलेगा। विहारी को यह मौका एक अवसर के रूप में लेना चाहिए। तकनीकी रूप से हमें लगा कि विहारी दक्ष हैं। ऐसे कई मौके रहे हैं जब टीम की जरूरत के मुताबिक चेतेश्वर पुजारा ने भी पारी की शुरुआत की है। यह समाधान लंबे समय के लिए नहीं है।'

01: साल में छह शतक लगाने का मौका है विराट कोहली के पास। अगर वह ऐसा करने में सफल रहते हैं तो सचिन के बाद दूसरे भारतीय होंगे। सचिन ने 2010 में सात शतक जड़े थे। 

23: विकेट लिए थे 2014 के दौरे में नाथन लियोन ने भारत के खिलाफ जोकि घरेलू सीरीज में किसी ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर का श्रेष्ठ प्रदर्शन है। दो मैचों में 16 विकेट ले चुके लियोन अपना रिकॉर्ड बेहतर कर सकते हैं।
विज्ञापन

नंबर गेम

-07 टेस्ट टीम इंडिया ने बॉक्सिंग डे पर खेले हैं, पांच हारे और दो ड्रॉ रहे हैं। जीता कोई नहीं है। पिछला बॉक्सिंग डे मुकाबला 2014 में खेला था जोकि ड्रॉ रहा था।   

-12 मैच मेलबर्न में भारत ने खेले हैं जिसमें से सिर्फ दो ही जीते हैं। आठ हारे और दो ड्रॉ रहे हैं। 

-13 मैच भारत ने इस साल अभी तक खेले हैं, इनमें से छह जीते और सात हारे हैं।

-40 साल बाद बढ़त का मौका : सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। टीम इंडिया यदि मेलबर्न टेस्ट जीत जाती है तो वह ऑस्ट्रेलिया में 40 साल बाद 2-1 की बढ़त लेने में सफल होगी। इससे पहले 1977-78 में भारत ने 2-1 की बढ़त ली थी। हालांकि उसने यह सीरीज 3-2 से गंवा दी थी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें