फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

INDvAUS: विराट कोहली ने टीम इंडिया को दिलाई रोमांचक जीत, सीरीज 1-1 से बराबर

Sun, 25 Nov 2018 04:52 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विराट कोहली
विज्ञापन

कप्तान विराट कोहली (61*) और दिनेश कार्तिक (22*) की धमाकेदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने रविवार को तीसरे व अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की। 

विज्ञापन




पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय कंगारू टीम ने 4 रन से जीता, जबकि दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। अब दोनों देशों के बीच 6 दिसंबर से चार मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच शुरू होगा।
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 164 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने दो गेंदें शेष रहते चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच में चार विकेट लेने वाले क्रुणाल पांड्या को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शिखर धवन को मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से नवाजा गया।

धवन-रोहित ने दिलाई आक्रामक शुरुआत

शिखर धवन
165 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने धमाकेदार शुरुआत की। शिखर धवन (41) और रोहित शर्मा ने सिर्फ 33 गेंदों में 67 रन की साझेदारी की। इस दौरान सात चौके और चार छक्के भी लगे। तभी मिचेल स्टार्क ने धवन को अपनी गति से छकाया और एलबीडब्ल्यू आउट करके इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा। जल्द ही एडम जंपा ने रोहित शर्मा (23) को क्लीन बोल्ड करके टीम इंडिया को तगड़ा झटका दिया।

67 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद कप्तान कोहली और केएल राहुल (14) ने भारतीय पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। दोनों ने टीम इंडिया को 100 रन के पार लगाया। ग्लेन मैक्सवेल ने राहुल को कोल्टर नाइल के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।

अगले ही ओवर में एंड्रयू टाई ने ऋषभ पंत को विकेटकीपर कैरे के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया की वापसी कराई। विकेटकीपर पंत खाता भी नहीं खोल सके और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में गोल्डन डक पर आउट होने वाले पहले विकेटकीपर बने।

यहां से विराट कोहली को दिनेश कार्तिक का बढ़िया साथ मिला और दोनों ने टीम इंडिया को जीत दिलाई। इस बीच कोहली ने 34 गेंदों में दो चौकों व इतने ही छक्कों की मदद से अपना 19वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोहली ने पांचवां पचासा जड़ा। कंगारू टीम की तरफ से मिचेल स्टार्क, एडम जंपा, एंड्रयू टाई और ग्लेन मैक्सवेल को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन

क्रुणाल की फिरकी में उलझे कंगारू

krunal pandya
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से क्रुणाल पांड्या ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 4 विकेट झटके।

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को ओपनर्स आरोन फिंच (28) और डार्सी शॉर्ट ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। इस खतरनाक साझेदारी को कुलदीप यादव ने तोड़ा। उन्होंने ने फिंच को शॉर्ट फाइन लेग पर क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच आउट कराया। 

ऑस्ट्रेलिया को यह विकेट बहुत महंगा पड़ा। अगले ओवर में क्रुणाल पांड्या ने पहली और दूसरी गेंद पर लगातार दो विकेट लेकर कंगारू टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। पांड्या ने पहली गेंद पर डार्सी शॉर्ट (33) को एलबीडब्ल्यू आउट किया।

ऑस्ट्रेलिया ने इस पर रिव्यू मांगा, जो बर्बाद चला गया। अगली ही गेंद पर बाएं हाथ के स्पिनर ने बेन मेक्डरमॉट को एलबीडब्ल्यू आउट करके माहौल जोश से भर दिया। पांड्या हैट्रिक के करीब पहुंचे, लेकिन एलेक्स कैरे ने उन्हें इसे पूरा नहीं करने दिया। इसके बाद 14वें ओवर की पहली गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल (13) को रोहित शर्मा के हाथों कैच आउट कराया।

15.5 ओवर में क्रुणाल पांड्या ने कंगारुओं को पांचवा झटका दिया। पांड्या ने एलेक्स कैरे (27) को कप्तान विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। कैरे ने लिन के साथ पांचवें विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी की। 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने क्रिस लिन (13) को रन आउट किया। बुमराह ने डायरेक्ट थ्रो करके लिन को पवेलियन का रास्ता दिखाया। 

टीमें:

टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और खलील अहमद।

ऑस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शॉर्ट, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, बेन मेक्डरमॉट, एलेक्स कैरे, नाथन कोल्टर-नाइल, मिचेल स्टार्क, एंड्रयू टाई और एडम जांपा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें