पीटर हैंड्सकॉम्ब (117) और एश्टन टर्नर (84*) की बेहतरीन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को चौथे वन-डे में टीम इंडिया को 4 विकेट की करारी शिकस्त दी।
इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है। सीरीज का पांचवां व अंतिम मुकाबला बुधवार को दिल्ली में खेला जाएगा।
मोहाली के पीसीए स्टेडियम में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और शिखर धवन के उम्दा शतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 359 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 14 गेंद शेष रहते छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। एश्टन टर्नर को तूफानी पारी खेलने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। टर्नर ने सिर्फ 43 गेंदों में पांच चौके और छह छक्के की मदद से नाबाद 84 रन बनाए।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भारतीय टीम में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार ने बिगाड़ी। उन्होंने पारी के पहले ओवर की चौथी गेंद पर कंगारू कप्तान आरोन फिंच को क्लीन बोल्ड किया। फिंच खाता भी नहीं खोल सके।
जल्द ही जसप्रीत बुमराह ने शॉन मार्श (6) को बोल्ड करके कंगारू टीम को दूसरा तगड़ा झटका दिया। इसके बाद उस्मान ख्वाजा (91) और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी की और कंगारू टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।
ख्वाजा अपने शतक से 9 रन दूर थे कि तभी बुमराह ने उन्हें कुलदीप यादव के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया की वापसी कराई। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 99 गेंदों में सात चौके की मदद से 91 रन बनाए।
इसके बाद पीटर हैंड्सकॉम्ब ने अपने वन-डे करियर का पहला शतक पूरा किया। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार द्वारा किए पारी के 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर सैकड़ा पूरा किया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 92 गेंदों में 6 चौके और तीन छक्के की मदद से शतक पूरा किया।
हैंड्सकॉम्ब का साथ निभाने आए ग्लेन मैक्सवेल (23) लंबी पारी खेलने में सफल नहीं हुए और चाइनामैन कुलदीप यादव की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौट गए। मैक्सवेल रिवर्स स्वीप शॉट खेलने से चूके और उन्हें अपना विकेट गंवा बैठे।
इसके बाद चहल ने टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने हैंड्सकॉम्ब को राहुल के हाथों कैच आउट कराया। कंगारू बल्लेबाज ने 105 गेंदों में 8 चौके और तीन छक्के की मदद से 117 रन बनाए।
इसके बाद एश्टन टर्नर ने मैच ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में टर्न किया। उन्होंने एलेक्स कैरी (21) के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी करके टीम इंडिया के मुंह से जीत छीन ली। टर्नर को ऋषभ पंत ने बड़ा जीवनदान दिया। उन्होंने चहल की गेंद पर टर्नर की स्टंपिंग का मौका गंवा दिया।
ऑस्ट्रेलिया जब जीत से दो रन दूर थी तब बुमराह ने कैरी को धवन के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद टर्नर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच विजयी रन बनाकर सीरीज बराबर की। टीम इंडिया की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।