क्विंटन डी कॉक के धमाकेदार शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को श्रीलंका को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर 71 रन से मात दी और पांच मैचों की वन-डे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाई।
किंग्समीड में खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट खोकर 331 रन बनाए। श्रीलंका को बारिश के बाद 193 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, लेकिन वह 24 ओवर में 5 विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी। क्विंटन डी कॉक को 108 गेंदों में 16 चौके और दो छक्के की मदद से 121 रन की पारी खेलने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने वन-डे करियर का 14वां शतक जमाया।
श्रीलंकाई टीम 16 ओवर में दो विकेट खोकर 75 रन बना चुकी थी कि तभी बारिश आ गई और करीब दो घंटे तक खेल रूका रहा। इसके बाद मेहमान टीम को 8 ओवर में 118 रन का संशोधित लक्ष्य मिला क्योंकि वो 16 ओवर खेल चुकी थी।
कुसल मेंडिस का कैच इमरान ताहिर ने अपनी गेंद पर लपका। श्रीलंका के थिसारा परेरा ने हर गेंद पर शॉट जमाने का प्रयास किया, लेकिन इससे मेहमान टीम को कोई फायदा नहीं मिला।
इससे पहले डी कॉक ने पहली ही गेंद पर चौका जमाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिया। उन्होंने सिर्फ 89 गेंदों में शतक पूरा किया। इसके अलावा रैसी वान डर डसेन ने भी अर्धशतक जमाया। उन्होंने 67 गेंदों में तीन चौके की मदद से पचासा जड़ा। डेविड मिलर (41*) और एंडिल फेहलुकवायो (38*) ने भी उम्दा योगदान दिया, जिसकी बदौलत प्रोटियाज टीम ने 331 रन का विशाल स्कोर बनाया।
श्रीलंका ने मैच की शुरुआत में प्रमुख खिलाड़ी कुसल परेरा को खो दिया क्योंकि वह हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण मैदान से बाहर गए। उन्हें स्कैन कराने के लिए अस्पताल ले जाया गया। ऑफिशियल्स ने कहा कि वह बल्लेबाजी करने में सक्षम नहीं हैं और अभी इसका पता भी नहीं चला है कि उनकी चोट कितनी गंभीर है।
दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीम बुधवार को चौथे वन-डे में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला पोर्ट एलिजाबेथ में खेला जाएगा।