पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के रूप में टीम इंडिया को पहला झटका लगा। तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर जेसन बेहरनडॉर्फ ने रोहित शर्मा (5) को एडम जांपा के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद टीम इंडिया को दूसरा झटका कप्तान विराट कोहली के रूप में लगा। क्रीज पर राहुल के साथ देने उतरे कोहली ने कुछ अच्छे शॉट जरूर खेले, लेकिन 24 रन के स्कोर स्पिन गेंदबाज एडम जांपा ने उन्हें अपनी फिरकी में फंसा लिया। पारी में तीन चौके जड़ने वाले कोहली का लॉन्ग ऑन पर कुल्टर नाइल ने कैच पकड़ा।
इसके बाद क्रीज पर राहुल का साथ देने उतरे ऋषभ पंत भी लापरवाही भरे अंदाज में तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एक रन चुराने के चक्कर में पंत को बेहरेनडॉर्फ ने विकेटकीपर हैंड्सकॉम्ब की मदद से रनआउट कर दिया।
टीम इंडिया का चौथा विकेट केएल राहुल के रूप में गिरा। 36 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले राहुल कुल्टर नाइल के ओवर में मिड ऑफ पर फिंच को आसान कैच दे बैठे।
इसके बाद बल्लेबाज करने उतरे दिनेश कार्तिक और क्रुणाल पांड्या 1-1 रन बनाकर क्रीज से चलते बने। दोनों का विकेट कुल्टर नाइल ने चटकाया। कार्तिक जहां बोल्ड हुए वहीं, क्रुणाल का कैच मिड विकेट पर मैक्सवेल ने पकड़ा। वहीं, 17वें ओवर की पांचवी ंगेंद पर टीम इंडिया को उमेश यादव (2) के रूप में सातवां झटका लगा। उन्हें पैट कमिंस ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।
दोनों टीम इस प्रकार है:
टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), केएल राहुल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, मयंक मार्कंडेय, क्रुणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव।
ऑस्ट्रेलिया टीम: आरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, ग्लैन मैक्सवेल ,पीटर हैंड्सकॉम्ब, एश्टन टर्नर, नाथन कोल्टर नाइल, पैट कमिंस, झाय रिचर्डसन, जेसन बेहरनडॉर्फ, एडम जांपा।