इसके पहले लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। पिछले मैच के शतकवीर रहे शिखर धवन दिल्ली में फिर जल्दी आउट हो गए। अपने घरेलू दर्शकों के बीच धवन 15 गेदों में 12 रन बनाकर चलते बने। तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने विकेट के पीछे एलेक्स कैरी के हाथों उन्हें लपकवाया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान विराट कोहली ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी हो चुकी थी, तभी मार्कस स्टोइनिस की अतिरिक्त उछाल वाली गेंद पर विराट गच्चा खा गए।
ऑफस्टंप के बाहर जा रही गेंद को मारने के प्रयास में विकेट के पीछे एलेक्स कैरी ने उन्हें धर लिया। आउट होने से पहले विराट ने 22 गेंदों में 20 रन बनाए। अब भारत का स्कोर 2/68 हो चुका था।
विश्व कप टीम के लिए अपनी दावेदारी ठोक रहे ऋषभ पंत से आज टीम को बेहद उम्मीदें थी, लेकिन उन्होंने भी निराश ही किया। 16 गेंदों में 16 रन बनाकर लियोन की फिरकी में फंस गए और स्लिप में कैच दे बैठे।
जल्द ही नए बल्लेबाज विजय शंकर भी चलते बने। रनगति बढ़ाने के प्रयास में एडम जंपा को उनका विकेट मिला। उन्हें उस्मान ख्वाजा ने कैच किया। एक तरफ से जहां विकेट गिर रहे थे तो दूसरी ओर रोहित शर्मा डटे हुए थे। इस बीच उनका अर्धशतक भी पूरा हुआ, लेकिन दबाव के रोहित बिखर गए।
29वें.ओवर की दूसरी गेंद पर जंपा भारतीय बल्लेबाजों के लिए काल बनकर आए। पहले रोहित शर्मा (89 गेंदों में 56 रन) को स्टंपिंग किया। फिर पांचवीं गेंद पर रविंद्र जडेजा को बिना खाता खोले ही उसी अंदाज में पवेलियन लौटाया।
अब भारत का स्कोर 6/132 हो चुका था। यहां से केदार जाधव और भुवनेश्वर कुमार के बीच सातवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी हुई, लेकिन इसके बाद कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका।
इसके पहले उस्मान ख्वाजा के शानदार शतक के बूते ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें और निर्णायक मुकाबले में भारत के सामने 273 रन का लक्ष्य रखा। दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट के नुकसान पर स्कोरबोर्ड 272 पर रन टांगे। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 तो मोहम्मद शमी-रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए। कुलदीप यादव के खाते में 1 विकेट आया।
इसके पहले ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 100 ने अपने करियर का दूसरा शतक लगाया। अपने जोड़ीदार कप्तान आरोन फिंच के साथ ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके पहले कि दोनों खतरनाक होते रविंद्र जडेजा ने 14.3 ओवर में आरोन फिंच (27) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
इसके बाद दूसरे विकेट के लिए उस्मान ख्वाजा ने पीटर हैंड्सकॉम्ब (100) के साथ मिलकर 99 रन की साझेदारी की। इस बीच उन्होंने अपने करियर का दूसरा शतक भी लगाया, लेकिन शतक लगाते ही भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर वे अपना कैच विराट कोहली को थमा बैठे। पहला शतक भी ख्वाजा ने भारत के खिलाफ इसी सीरीज में तीसरे वन-डे के दौरान लगाया था।
इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को लगातार झटके लगे। भारत ने नए बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को आउटकर मैच में जबरदस्त वापसी की। मैक्सवेल को भी जडेजा ने ही आउट किया और कैच विराट कोहली ने लपका। 36.2 ओवर में पीटर हैंड्सकॉम्ब के रूप में ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा।
60 गेंदों में 52 रन बनाकर हैंड्सकॉम्ब मोहम्मद शमी की गेंद पर ऋषभ पंत के द्वारा लपके गए। फिर चौथे वन-डे के हीरो रहे एश्टन टर्नर भी बड़ा स्कोर बनाने की फिराक में कुलदीप यादव की गेंद पर जडेजा के हाथों बाउंड्री पर लपके गए। 44.2 ओवर में मार्कस स्टोइनिस (20) फिर 45.5 ओवर में एलेक्स कैरी (3) जल्दी आउट हुए।
पैट कमिंस आउट होने वाले आठवें ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी थे। भुवनेश्वर कुमार ने नाटकीय अंदाज में उन्हें कॉट एंड बोल्ड किया। तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन ने 21 गेंदों में तेज 29 रन बनाए। वे आउट होने वाले आखिरी ऑस्ट्रे्लियाई खिलाड़ी थे।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने वाली ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। शॉन मार्श और जेसन बेहरनडोर्फ की जगह मार्कस स्टोइनिस व नाथन लियोन को शामिल किया गया है।
वहीं टीम इंडिया ने भी दो बदलाव किए हैं। भारतीय टीम ने केएल राहुल और युजवेंद्र चहल की जगह मोहम्मद शमी व रविंद्र जडेजा को शामिल किया है। दोनों ही टीमों के लिए आज का मैच करो या मरो की स्थिति का है क्योंकि पांच मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं।
टीम इंडिया - रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, विजय शंकर, केदार जाधव, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया - आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकॉम्ब, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन टर्नर, एलेक्स कैरी, झाय रिचर्डसन, पैट कमिंस, नाथन लियोन और एडम जंपा।