टीम इंडिया के साथ रविचंद्रन अश्विन
- फोटो : BCCI
भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कोरोनावायरस को मात दे दी है। कोविड-19 से ठीक होकर अश्विन टीम इंडिया के साथ जुड़ गए हैं। हालांकि, वह लिसेस्टशायर के खिलाफ गुरुवार (23 जून) से शुरू हुए अभ्यास मैच में नहीं खेल पाए। अश्विन ने एजबेस्टन में होने वाले पांचवें टेस्ट के लिए तैयारी शुरू कर दी है। लिसेस्टशायर के खिलाफ अभ्यास मैच से ठीक पहले वह टीम इंडिया के साथ नजर आए।
अश्विन टेस्ट टीम के अन्य सदस्यों के साथ इंग्लैंड नहीं गए थे। कोरोना संक्रमित होने के कारण वह भारत में ही थे। 16 जून को टेस्ट टीम के साथ उड़ान भरने के लिए अश्विन मुंबई आए थे, लेकिन उन्हें क्वारंटीन होना पड़ा था। लिसेस्टशायर के खिलाफ अभ्यास मैच के लिए उनका चयन नहीं किया गया है।
भारतीय टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पिछले साल इंग्लैंड के दौरे पर गई थी। चार मुकाबलों के बाद कोरोनावायरस के कारण पांचवें और अंतिम टेस्ट को टाल दिया गया था। टीम इंडिया चार टेस्ट मैच होने तक सीरीज में 2-1 से आगे थी।
एजबेस्टन टेस्ट से पहले दूसरी टीम इंडिया आयरलैंड में दो टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। उस टीम के कोच वीवीएस लक्ष्मण और कप्तान हार्दिक पांड्या हैं। 26 और 28 जून को दो टी20 मैच खेले जाएंगे। एक तरह टेस्ट टीम एजबेस्टन में खेलेगी तो दूसरी ओर सीमित ओवर की टीम एक जुलाई को डर्बीशायर और तीन जुलाई को नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ टी20 अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद सात, नौ और 10 जुलाई को तीन टी20 मैच खेले जाएंगे। फिर 12, 14 और 16 जुलाई को तीन वनडे मैच होंगे।