न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले साल की शुरुआत में होने जा रही है पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया। टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम के लिए यह सीरीज काफी अहम है, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया इस सीरीज में खेलती नजर आएगी। वहीं, अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है।
गिल की जगह अक्षर बने उपकप्तान
अजीत अगरकर की अगुआई वाली सीनियर राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में चयन समिति की बैठक में टीम का चयन किया गया। इस टीम में शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है। गिल अभी तक टीम के उपकप्तान थे, लेकिन अब ये जिम्मेदारी एक बार फिर अक्षर पटेल को सौंपी गई है। गिल टी20 में अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे थे।
ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी
विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है। ईशान भारत के लिए आखिरी बार 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले थे। यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। ईशान इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चुने गए थे, लेकिन वहां उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। दौरे के बीच में ईशान वापस आ गए थे। घरेलू क्रिकेट की जगह आईपीएल को तरजीह देने के विवाद के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब दो साल बाद उनकी टीम में वापसी हुई है। दूसरी ओर, रिंकू एशिया कप का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए मौका नहीं मिला था।
संजू होंगे विकेटकीपर
टीम का एलान करते वक्त अजीत अगरकर ने बताया कि संजू सैमसन विकेटकीपर होंगे। गिल के बाहर होने से अब ये तय हो गया है कि अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने उतरेंगे। सैमसन और अभिषेक की सलामी जोड़ी काफी सफल रही है और ऐसा ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 में भी देखने मिला था।
टी20 सीरीज का कार्यक्रम
टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत सात फरवरी से होगी। इससे पहले भारत पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा, जिसकी शुरुआत 21 जनवरी से होगी। पहला मुकाबला नागपुर में खेला जाएगा। दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर, तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी, चौथा मैच 28 जनवरी को विशाखापत्तनम और पांचवां मैच 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।