भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस साल सितंबर-अक्तूबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टी20 टीम का एलान कर दिया है। भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए मजबूत टीम चुनी है। भारत एशियाई खेलों में भी श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने उतरेगा। श्रेयस को सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है। वहीं, तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिली है।
स्वर्ण का बचाव करने उतरेगी भारतीय टीम
एशियाई खेलों का आयोजन जापान में सितंबर-अक्तूबर में होना है, लेकिन इसके लिए टीम की घोषणा इसलिए जल्दी हो रही है क्योंकि आयोजकों ने डेडलाइन पहले की रखी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीमित ओवरों की सीरीज होने के बावजूद एशियाई खेलों के लिए बीसीसीआई अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है। भारत ने 2022 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और अब टीम की नजरें उस प्रदर्शन को दोहराने पर होगी। एशियाई खेलों में क्रिकेट टी20 प्रारूप में ही खेला जाना है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : IANS
बुमराह भी टीम में शामिल
एशियाई खेलों के लिए जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम में जगह दी गई है। भारत को एशियाई खेलों से पहले जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ क्रमश: दो और पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। बीसीसीआई ने शनिवार को इन दोनों सीरीज के लिए भी टीम का एलान किया है, लेकिन बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए आराम दिया गया है। वहीं, एशियाई खेलों में वह तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे।
इसके अलावा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी इस टीम में मौका दिया गया है। टीम की घोषणा होने के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने वैभव के लिए कहा, आईपीएल 2026 में वैभव ने राजस्थान रॉयल्स की जिम्मेदारी उठाई। इतने प्रतिस्पर्धी और उच्च दबाव वाले वातावरण में एक युवा बच्चे के लिए इसे साबित करना बहुत खास है। वह गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। हमें सूर्यवंशी से काफी उम्मीदें हैं।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह।