इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर ग्रीम स्वान ने दावा किया है कि भारतीय स्पिनर टेस्ट सीरीज में उनकी टीम को मुश्किल में नहीं डाल पाएंगे। स्वान ने कहा, ‘हमारी टीम के पिछले प्रदर्शनों की तुलना भारतीय पिचों पर आगामी सीरीज में होने वाले प्रदर्शन से नहीं की जा सकती है क्योंकि दोनों सीरीज में स्थितियां भिन्न होंगी।
गत वर्ष हम दुबई में खेले थे। वहां की स्थितियां अलग हैं। सच कहें तो दुबई उपमहाद्वीप का हिस्सा नहीं है। वहां की पिच अनूठी है और उसमें थोड़ी फिसलन के साथ स्पिन मौजूद है जबकि भारतीय पिचें पारंपरिक हैं। भारत में जैसी पिचें हैं,, आमतौर पर हर क्रिकेटर ऐसी पिचों से परिचित होता है। इसलिए मुझे आश्चर्य होगा यदि दुबई जैसा परिणाम भारत में भी देखने को मिल पाए। मुझे तो इसकी उम्मीद नहीं है।’
हमारी तैयारी जबरदस्त: ट्रोट
इंग्लैंड के मध्यक्रम के बल्लेबाज जोनाथन ट्रोट ने कहा है कि उनकी टीम भारत के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए जमकर तैयारी कर रही है। ट्रोट ने कहा कि उनकी टीम ने भारत के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए काफी अधिक मेहनत की है क्योंकि यह दौरा इंग्लैंड के लिए काफी अहम है।
ट्रोट ने कहा, ‘हमारी टीम ने इस दौरे के लिए जरूरत से ज्यादा ही मेहनत की है। यह हमारे लिए एक बड़ी सीरीज है। हम यहां आने से पहले दुबई गए थे और हमने वहां पर उपमहाद्वीप की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की कोशिश की है।’
टीम भी जानदार: बेल
जोनाथन ट्रोट के साथी खिलाड़ी इयान बेल ने कहा कि उनकी टीम बेहतरीन गेंदबाजों और बल्लेबाजों के साथ भारत दौरे पर आई है। बेल ने कहा, ‘हमारी टीम सिर्फ इंग्लैंड में ही नहीं बल्कि उपमहाद्वीप में अच्छा प्रदर्शन करती रही है। हमारे पास विविध प्रकार का गेंदबाजी आक्रमण है। मुझे यकीन है कि अगर बल्लेबाज बड़ा स्कोर बना लेंगे तो हमारी टीम के पास ऐसे गेंदबाज हैं जो विकेट आसानी से विकेट चटका सकते हैं।’