भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने मंगलवार को कहा कि भले ही यह पता लगाना मुश्किल है कि श्रीलंका ए के खिलाड़ी के साथ मैदान पर वैभव सूर्यवंशी की बहस किस वजह से हुई, लेकिन युवा बल्लेबाज इस घटना से सीखेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचेगा। सोमवार को दांबुला में त्रिकोणीय सीरीज के मैच में श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में भारत की हार के बाद 15 साल के इस खिलाड़ी की तीखी बहस हुई थी जो लगभग हाथापाई में बदल गई थी।
किस तरह शुरू हुआ विवाद
- यह मामला सुपर ओवर के आखिरी गेंद फेंके जाने के बाद हुई जब कुगाथस माथुलन ने वैभव को गेंद डाली।
- भारत ए को उस समय आखिरी गेंद पर आठ रन की जरूरत थी।
- माथुलन ने शानदार यार्कर डाली जिस पर वैभव शॉट नहीं खेल पाए। इसके बाद वह जश्न मनाने लगे और श्रीलंका ए के खिलाड़ी भी इसमें शामिल हो गए।
- सूर्यवंशी माथुलन के जश्न मनाने के तरीके या मैच खत्म होने के बाद उनसे कुछ कहा गया इसलिए भड़क उठे।
- ऐसा लगा कि उन्हें यह बात पसंद आई कि खराब लाइटिंग होने के बाद भी सुपर ओवर करवाया गया।
- मैच खत्म होने के बाद वैभव की खिलाड़ियों के साथ तीखी बहस हुई और फिर उन्होंने एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दिया।
- इसके बावजूद वैभव का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह पीछे हटते हुए भी विरोधी खिलाड़ी को लगातार खरी-खोटी सुनाते नजर आए।
- यह घटना तब हुई जब श्रीलंका 'ए' ने एक रोमांचक सुपर ओवर जीता।
बहुतुले ने मामले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण घटना
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के दूसरे वनडे की पूर्व संध्या पर बहुतुले ने कहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, लेकिन हम नहीं जानते कि वैभव को कैसे उकसाया गया क्योंकि मैं उन्हें जानता हूं और वैभव एक बहुत ही शांत स्वभाव के हैं। लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वहां अनुभवी कोच मौजूद हैं जो उनका मार्गदर्शन करेंगे। श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भी सिखाया जाना चाहिए कि उन्हें कैसा व्यवहार करना चाहिए।
बहुतुले ने विभिन्न भारत अंडर-19 सेट-अप और बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हिस्से के रूप में आयु-वर्ग के स्तर पर सूर्यवंशी के साथ मिलकर काम किया है। उन्होंने 2025 आईपीएल सीजन के दौरान राजस्थान रॉयल्स के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम किया था, जब सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में अपना डेब्यू किया था। बहुतुले ने कहा, वैभव सीख जाएंगे, वह अभी युवा हैं जिन पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की एक बड़ी जिम्मेदारी है। मुझे पूरा भरोसा है कि वह इसे दोबारा नहीं दोहराएंगे और ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता है।