टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली इस साल नवम्बर में कलकत्ता क्रिकेट और फुटबॉल क्लब (सीसी एंड एफसी) की 225वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कैंसर पीड़ितों के लिए चैरिटी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 18 नवम्बर को आयोजित होने वाले इस समारोह में कोहली के अलावा अन्य क्रिकेट स्टार भी मौजूद होंगे।
सूत्रों के मुताबिक इस समारोह का आयोजन श्रीलंका और भारत के बीच नवम्बर में खेले जाने वाले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शाम को होगा। बता दें कि क्लब प्रेसिडेंट अरुण लाल भारत-आस्ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे मैच से पहले आयोजित सत्र के दौरान ईडन गार्डन्स स्टेडियम में मौजूद थे और उन्होंने अपने चैरिटी समारोह के लिए कोहली से भी संपर्क किया।
पढ़ेंः- गांगुली बोले, विराट कोहली को हमेशा इस अंदाज में खेलते देखना चाहता हूं
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज अरुण लाल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, 'इस समारोह के लिए महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह को भी आमंत्रण भेज दिया गया हैं।' बता दें कि इस समारोह में सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, वीवीएस लक्ष्मण, सौरव गांगुली, युवराज सिंह क्रिस श्रीकांत सहित और अन्य पूर्व खिलाड़ी मौजूद होंगे।