फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIFA WC 2026: शुभमन गिल पर चढ़ा फुटबॉल विश्वकप का फीवर! US में ब्राजील के दिग्गज रोनाल्डिन्हो के साथ आए नजर

Sun, 28 Jun 2026 12:40 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अमेरिका में फीफा विश्व कप 2026 के दौरान ब्राजील के फुटबॉल दिग्गज रोनाल्डिन्हो से मुलाकात की और उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। वहीं, 46 वर्षीय रोनाल्डिन्हो के इटली के क्लब रावेना से जुड़ने के बाद उनके एक बार फिर पेशेवर फुटबॉल खेलने की संभावना भी चर्चा में है।

विज्ञापन
शुभमन गिल की रोनाल्डिन्हो से मुलाकात - फोटो : Shubman Gill (instagram)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अमेरिका में ब्राजील के महान फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो से मुलाकात की। यह मुलाकात अमेरिका में खेले जा रहे फीफा विश्व कप 2026 के दौरान हुई, जिसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं। शुभमन गिल ने इस खास मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की, जिसमें वह ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर और 2002 फीफा विश्व कप विजेता रोनाल्डिन्हो के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद क्रिकेट और फुटबॉल प्रशंसकों के बीच यह काफी चर्चा का विषय बन गई।
विज्ञापन
Trending Videos

शानदार फॉर्म में हैं शुभमन गिल
शुभमन गिल हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आए। भारत ने तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की और कप्तान के तौर पर यह गिल की पहली वनडे सीरीज जीत रही। गिल ने दो पारियों में 232 रन बनाए, जिसमें 154 रन की शानदार पारी भी शामिल रही। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। इस सीरीज के दौरान गिल ने वनडे क्रिकेट में 3,000 रन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7,000 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया।

रोनाल्डिन्हो की प्रोफेशनल फुटबॉल में वापसी की चर्चा
दूसरी ओर, ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 46 वर्षीय रोनाल्डिन्हो ने इटली के सीरी-सी क्लब रावेना के साथ करार किया है। हालांकि शुरुआत में क्लब प्रबंधन ने साफ किया था कि उनकी भूमिका केवल मार्केटिंग और प्रमोशनल गतिविधियों तक सीमित रहेगी। लेकिन बाद में क्लब के उपाध्यक्ष अरिएदो ब्राइडा ने उनके मैदान पर उतरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, 'रोनाल्डिन्हो एक कालजयी खिलाड़ी हैं। उन्होंने रावेना के साथ अनुबंध किया है, जो हमारे क्लब के लिए बड़ी उपलब्धि है। क्या वह खेलेंगे? यह अभी तय नहीं है, लेकिन इसकी संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता।'


(फोटो क्रेडिट: शुभमन गिल/इंस्टाग्राम स्टोरी)
विज्ञापन

'नई जर्सी, वही मुस्कान'
रोनाल्डिन्हो ने क्लब से जुड़ने पर खुशी जताते हुए कहा, 'नई जर्सी, लेकिन वही मुस्कान। मैं फिर से मैदान पर उतरने और इस क्लब के साथ नई कहानी लिखने के लिए उत्साहित हूं। फुटबॉल हमेशा मेरे लिए खुशी का माध्यम रहा है और मैं 'जोगा बोनितो' की उसी भावना को रावेना के साथ साझा करना चाहता हूं।' रोनाल्डिन्हो ने अपने पेशेवर करियर का आखिरी मुकाबला साल 2015 में फ्लूमिनेंसे के लिए खेला था। इसके बाद वह लगातार लेजेंड्स और एग्जीबिशन मैचों में हिस्सा लेते रहे हैं। अब रावेना के साथ उनका जुड़ना फुटबॉल जगत में एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें