टीम इंडिया साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएगी। इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने टाइम ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में दी। टीम इंडिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे की शुरुआत 3 जनवरी 2018 से होगी और इसके लिए विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम 28 दिसंबर को रवाना होगी।
बोर्ड के अधिकारी ने कहा कि भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे पर चार टेस्ट, पांच वन-डे और तीन टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी। भारतीय टीम का इस साल सितंबर से दिसंबर तक पैक कार्यक्रम है। उसे ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका की मेजबानी करना है। इसके बाद भारत दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएगा।
वैसे आपको बता दें कि पहले ऐसे अनुमान थे कि भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे की शुरुआत 26 दिसम्बर को बॉक्सिंग-डे टेस्ट से होगी, लेकिन श्रीलंका की टीम तीन टेस्ट, तीन वन-डे और तीन टी20 अंतर्राष्ट्रीय के लिए 15 नवंबर से 24 दिसंबर तक भारत के दौरे पर रहेगी। ऐसे में बॉक्सिंग डे टेस्ट की संभावनाएं खत्म हो गई और साथ ही भारत को अभ्यास मैच का मौका भी शायद ही मिलेगा।