दुनिया में भारत और पाकिस्तान के बीच कहीं पर भी क्रिकेट का मुकाबला हो तो वह अपने आप में हाई-वोल्टेज मुकाबला हो जाता है और इस मैच के आयोजक बेहद उत्साहित हो जाते हैं कि इससे उनकी कमाई बढ़ जाएगी।
लेकिन उड़ी हमले और अभी सीमा पर जारी तनाव के बीच दोनों देशों के बीच अभी जिस तरह से संबंध हो गए हैं, उसे देखकर अब नहीं लगता कि इन चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच जल्द कोई मुकाबला हो पाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में आई तल्खी के चलते बीसीसीआई ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से किसी भी बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में दोनों टीमों को एक ग्रुप में नहीं रखने का आग्रह किया है।
बीसीसीआई ने फैसला किया है कि वह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भी पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच नहीं खेलेगा। अगले साल इंग्लैंड में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान की टीमों को एक ग्रुप में रखा गया है। अगर आईसीसी इस अनुरोध को मानती है तो दोनों को अलग-अलग ग्रुप में रखना होगा।