फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत-पाकिस्तान के बीच कब शुरू होगा क्रिकेट?: सिद्धू ने दिया जवाब, बोले- सरकार जब चाहेगी तभी घटेंगी दूरियां

Wed, 25 Nov 2026 05:15 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा

सार

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज की वापसी का फैसला सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि जब सरकार दोनों देशों के बीच दूरियां कम करना चाहेगी, तभी क्रिकेट को माध्यम बनाया जा सकता है। सिद्धू ने आईपीएल के बढ़ते प्रभाव और टी20 क्रिकेट की लोकप्रियता पर भी अपनी बात रखी।

विज्ञापन
नवजोत सिंह सिद्धू - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज की वापसी कब होगी, इस सवाल पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी बात रखी है। सिद्धू का कहना है कि भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंधों को दोबारा शुरू करने का फैसला पूरी तरह राजनीतिक है और इस पर अंतिम निर्णय सरकार को ही लेना है। उन्होंने साफ किया कि जब सरकार दोनों देशों के बीच दूरियां कम करने का फैसला करेगी, तभी क्रिकेट को इस दिशा में एक माध्यम के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
विज्ञापन
Trending Videos

भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
क्या बोले सिद्धू?
नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों दुबई में आयोजित डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 लीग में कमेंट्री कर रहे हैं। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनसे भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों की बहाली को लेकर सवाल किया गया। इस पर सिद्धू ने कहा, 'राजनीतिक मामले राजनीतिक होते हैं। इस पर जो भी फैसला लिया जाना है, वह सरकार ही लेगी। सरकार जनता द्वारा चुनी गई है और उसे फैसले लेने का अधिकार मिला हुआ है। अगर सरकार किसी वजह से इन मैचों को नहीं कराने का फैसला करती है, तो उसके पीछे के कारण गृह मंत्रालय जानता है।' उन्होंने आगे कहा कि जब सरकार को लगेगा कि दोनों देशों के बीच दूरियां कम करने का समय आ गया है, तब वह क्रिकेट को इस प्रक्रिया में शामिल करने का फैसला कर सकती है।

2012-13 के बाद नहीं हुई द्विपक्षीय सीरीज
भारत और पाकिस्तान के बीच 2012-13 के बाद से कोई द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेली गई है। हालांकि, दोनों देशों की पुरुष और महिला टीमें आईसीसी और एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में एक-दूसरे का सामना करती रही हैं। सुरक्षा और राजनीतिक परिस्थितियों के चलते इन मुकाबलों का आयोजन तटस्थ स्थानों पर किया जाता है। पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव भी बढ़ गया था। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भारत सरकार ने खेल संबंधों को लेकर नई नीति अपनाई थी, जिसके तहत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल मुकाबलों पर रोक लगाई गई।

आईपीएल - फोटो : BCCI
आईपीएल ने बदली भारतीय क्रिकेट की पहचान
  • सिद्धू ने बातचीत के दौरान वैश्विक क्रिकेट में भारत की बढ़ती भूमिका और आईपीएल के प्रभाव पर भी अपनी राय रखी।
  • उन्होंने कहा कि पहले भारतीय खिलाड़ी अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने जाते थे, लेकिन अब दुनिया भर के खिलाड़ी भारतीय प्रीमियर लीग में खेलने के लिए भारत आते हैं।
  • उन्होंने कहा, 'पहले हम अपनी स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए इंग्लैंड काउंटी क्रिकेट खेलने जाते थे, लेकिन अब पूरी दुनिया भारतीय लीग में खेलने के लिए भारत आती है।'
  • सिद्धू के मुताबिक, आईपीएल की वजह से भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया के बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, कोच और ट्रेनर्स के साथ समय बिताने का मौका मिलता है। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
  • उन्होंने खेल में मानसिक मजबूती के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि क्रिकेट केवल हाथों से नहीं, बल्कि दिमाग से भी खेला जाता है। उनके अनुसार, खेल का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा मानसिक मजबूती से जुड़ा होता है।

टेस्ट और वनडे क्रिकेट के भविष्य पर क्या बोले सिद्धू?
टेस्ट और वनडे क्रिकेट के घटते दायरे को लेकर पूछे गए सवाल पर सिद्धू ने कहा कि क्रिकेट का मौजूदा स्वरूप काफी हद तक दर्शकों की मांग और व्यावसायिक संभावनाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट इसलिए खेला जा रहा है क्योंकि दर्शक इसे पसंद करते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वनडे क्रिकेट को नजरअंदाज किया जा रहा है। सिद्धू ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई टीम 20 वनडे मुकाबले खेल रही है, तो वह 25 टी20 मैच भी खेल सकती है। उन्होंने कहा कि किस प्रारूप को कितनी प्राथमिकता मिलेगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि दर्शक क्या देखना चाहते हैं और व्यावसायिक रूप से कौन सा प्रारूप कितना सफल है।
विज्ञापन

आईएलटी20 के आयोजकों की तारीफ की
नवजोत सिंह सिद्धू ने आईएलटी20 जैसी लीग के आयोजन के लिए क्रिकेट प्रशासकों की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए नए विचारों और नए प्रयोगों की जरूरत है। सिद्धू के मुताबिक, खेल को एक ही तरीके से लगातार नहीं चलाया जा सकता। समय के साथ नए प्रारूप और लीग शुरू करना जरूरी है। उन्होंने आईएलटी20 को दुनिया में क्रिकेट के संचालन का एक अच्छा उदाहरण बताया और इसके आयोजकों की सराहना की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें