कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 22 से 26 सितंबर तक भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच के भविष्य पर घनघोर बादल छा गए हैं। बारिश की वजह से स्टेडियम में पानी भर गया है मौसम विभाग ने 21 और 22 सितंबर को बारिश की संभावना जताई है।
शुक्रवार 16 सितंबर और शनिवार 17 सितंबर को भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा सितंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में भी अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर नगर और कानपुर देहात सहित सेंट्रल यूपी के अन्य जिलों और बुंदेलखंड से संबंधित जिलों में तेज बारिश हो सकती हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि हवाओं की बदली दिशा (पहले पछुआ अब पूर्वी) के साथ मानसून सक्रिय हो गया। पूर्वी हवाएं सीधे पश्चिम बंगाल की खाड़ी से होकर आती हैं और बारिश कराती हैं। गुरुवार को भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में करीब पांच मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई। वातावरण की नमी बढ़ गई है। सुबह की नमी 91 फीसदी और दोपहर की 76 फीसदी रिकार्ड की गई। नमी बढ़ने के कारण ही उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकी। आगे भी बादल छाए रहेंगे।
पिच क्यूरेटरों की अग्नि परीक्षा
रुक रुक हो रही हल्की बारिश ने बीसीसीआई के सेंट्रल जोन के पिच क्यूरेटर तापोश चटर्जी और यूपीसीए के पिच क्यूरेटर शिव कुमार के माथे पर शिकन ला दी है। दोनों को मेन पिच तैयार करना था। गनीमत रही दोपहर बाद निकली धूप ने कुछ राहत दी।
पिछले दो दिनों से खराब मौसम के चलते स्टेडियम की तैयारी में बाधा आ रही है। दोनों टीमों के लिए प्रैक्टिस विकेट तैयार कर दिया गया है पर अभी मेन विकेट का काम बाकी है। विकेट की तैयारी के लिए आए तापोश चटर्जी का मानना है कि इस बार मैच से पहले हमलोगों की कठिन परीक्षा है। अभी मैदान में नमी है। एक दो दिन में धूप नहीं निकली तो काफी मुश्किल होगा। वैसे ग्राउंड और आउटफील्ड तैयार है। मेन पिच का काम एक दिन का है वो भी पूरा हो जाएगा। उधर, खेल विभाग की डिप्टी डायरेक्टर उषालाल की निवेदन पर ग्राउंड पर एक सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिया गया है। ग्राउंड में पिच क्यूरेटर और उनके कर्मचारी के अलावा सभी की इंट्री बंद है। साथ ही यूपीसीए आफिस (पुराना डेसिंग रूम) की ओर से ग्राउंड पहुंचने वाले भी गेट को भी बंद कर दिया गया है। दोपहर बाद धूप निकलने के बाद शिवकुमार ने अपनी टीम के साथ काफी देर तक मेन पिच पर काम किया।