वर्ल्ड कप की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन जहां तक भारत और पाकिस्तान की बात है, तो उनका सफर रविवार से शुरू होगा। दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी एडीलेड में एक-दूसरे के खिलाफ होंगे। मैं यह कहूंगा कि यह ऐसा मैच है, जिसे लेकर मैं मैदान में उतरने को उत्सुक नहीं था, तो झूठ होगा। एक खिलाड़ी के तौर पर आपको हमेशा ऐसे मैच का इंतजार होता है क्योंकि आपको अपने करियर के दौरान ऐसे मौके कम ही मिलते हैं। मैं भले ही ड्रेसिंग रूम के माहौल को मिस करूंगा, लेकिन सब चीजें यहीं खत्म नहीं हो जाती।
इस मुकाबले की बात करूं तो जब भी भारत-पाकिस्तान विश्व कप में भिड़ते हैं, तो भारत का पिछले पांच मैचों से चले आ रहे अजय रिकॉर्ड की बात होती है। मुझे नहीं लगता कि दोनों टीमें इस रिकॉर्ड पर बहुत ज्यादा ध्यान देती हैं। भारत इस रिकॉर्ड को देखते हुए लापरवाही नहीं बरत सकता क्योंकि जो भी कुछ हुआ, वो बीते समय की बात है। हालांकि मैं यह स्वीकार करता हूं कि कम से कम कागजों पर तो टीम इंडिया ज्यादा मजबूत लग रही है।
सच तो यह है कि अगर धोनी की टीम अपनी क्षमता का 70 या 80 फीसदी भी प्रदर्शन करती है, तो वे जीत सकते हैं। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि पाकिस्तान भले ही एक बेहतर टीम है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में गहराई नहीं है जबकि भारत के पास शानदार बल्लेबाज हैं।
पाक के पास अच्छा गेंदबाजी आक्रमण तो जरूर है, लेकिन कोई भी वकार युनूस या वसीम अकरम की क्षमता वाला गेंदबाज टीम में नहीं है। दोनों टीमों के बारे में काफी कुछ कहा जा रहा है, लेकिन मैं इस बारे में ज्यादा ध्यान नहीं देता हूं। मैं पहले भी कह चुका हूं कि यह एक नया मुकाबला है और जानता हूं कि भारतीय टीम की फॉर्म बहुत ही जल्दी वापसी आ जाती है। उम्मीद है कि हमें एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। (पीएमजी/ग्रुपएम)