भारतीय क्रिकेट टीम ने सोमवार को श्रीलंका को पल्लिकल में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में पारी और 181 रन से मात देकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। इसके साथ ही आईसीसी रैंकिंग में भारत की स्थिति और मजबूत हो गई है।
भारतीय टीम के इस सीरीज के बाद 125 रेटिंग अंक हो गए हैं और वह दूसरे पायदान पर काबिज दक्षिण अफ्रीका से 15 अंक आगे हो गई है। दक्षिण अफ्रीका को इंग्लैंड से मिली हार का फायदा टीम इंडिया को हुआ है।
भारतीय टीम पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद से आईसीसी टेस्ट रैंकिंग पर नंबर एक पर बनी हुई है। टीम इंडिया ने पिछले सीजन होम में 13 टेस्ट खेले जिसमें से उन्हें एक टेस्ट में हार मिली और दो टेस्ट ड्रॉ हुए।
भारत ने न्यूजीलैंड को 3-0, इंग्लैंड को 4-0, बांग्लादेश को 1-0 और ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से मात दी थी। उनकी जीत का ये सिलसिला श्रीलंका में भी जारी रहा जहां उन्होंने श्रीलंका को मात दी। विराट की कप्तानी में भारत ने 26 टेस्ट खेले हैं जिसमें से 20 में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है।