भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के बीच टीम से जुड़े। रोहित रविवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे और पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में नजर आए। रोहित अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मुकाबले से बाहर रहे थे। वह छह दिसंबर से एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से टीम की कमान संभालेंगे।
रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं। रोहित और गंभीर की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वह ड्रेसिंग रूप में कोच के साथ मिलकर पहले टेस्ट मैच का आनंद ले रहे हैं।
फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे रोहित
न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में हुई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में रोहित का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। मौजूदा वर्ष में रोहित ने 11 टेस्ट मैचों में 29.40 के औसत से 588 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल हैं। रोहित का घरेलू सीजन में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने पांच मैचों में 13.30 के औसत से 133 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक शामिल हैं। रोहित की नजरें अब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर फॉर्म में वापस लौटने पर लगी होंगी।
भारत जीत से दो विकेट दूर
पहले टेस्ट मैच की बात करें तो भारत पहले टेस्ट मैच में सुखद स्थिति में दिख रहा है और जीत से दो विकेट दूर है। चौथे दिन चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया ने 227 के स्कोर पर आठवां विकेट गंवा दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका वॉशिंगटन सुंदर ने मिचेल स्टार्क को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराकर दिया। वह 12 रन बना सके। फिलहाल एलेक्स कैरी 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कैरी और स्टार्क के बीच 45 रन की साझेदारी हुई। जुरेल ने एक हाथ से शानदार कैच लपका। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अभी भी 307 रन की जरूरत है, जबकि भारत जीत से दो विकेट दूर है।