पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ वसीम खान ने शनिवार को संकेत दिया कि अगर एशियाई क्रिकेट परिषद इजाजत देती है तो भारतीय टीम एशिया कप के लीग मैच तटस्थ स्थान पर खेल सकती है। इस साल सितंबर में पाकिस्तान में एशिया कप का आयोजन होना है। यह टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में खेला जाता है। राजनीतिक माहौल के चलते भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने पर संशय है।
वसीम खान ने कहा कि इस बात पर कोई आखिरी फैसला एशियन क्रिकेट परिषद ही लेगी। साथ ही पीबीसी के मुख्य कार्यकारी ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं कहा कि अगर भारत एशिया कप खेलने नहीं आता है तो पाकिस्तानी टीम विश्व कप 2021 खेलने भारत नहीं जाएगी।
खान ने कहा कि इस सवाल कि क्या होगा अगर भारतीय टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी? पर मेरा जवाब है कि एसीसी को इस पर कोई फैसला लेना है। लेकिन चूंकि हमें आयोजन के अधिकार दिए गए हैं तो हम उम्मीद करते हैं कि पूरे एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में ही करवाया जाए। एसीसी को ही फैसला लेना है कि वह भारतीय टीम के मुकाबले कहां आयोजित करवाना चाहती है। उनसे जब यह पूछा गया कि क्या भारत अपने मैच तटस्थ मैदान पर खेल सकता है पर खान ने सकारात्मक जवाब दिया।