भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने गेंदबाजी रणनीति अमल नहीं कर पाने पर निराशा व्यक्त की। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 405 रन बना लिए हैं। रविवार को ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने चौथे विकेट के लिए 242 रनों की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट झटके, लेकिन अन्य गेंदबाज संघर्ष करते दिखे। हालांकि, मोर्कल ने इस बात को खारिज किया कि बुमराह को दूसरे छोर पर समर्थन नहीं मिल रहा है।
बुमराह की शानदार गेंदबाजी
बुमराह ने नई गेंद से पहले सत्र में कहर बरपाया और उस्मान ख्वाजा और नाथन मैकस्वीनी को आउट कर दो झटके दिए। फिर स्मिथ को रोहित के हाथों कैच कराया। फिर हेड को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। बुमराह ने इन दोनों को आउट करने के बाद मिचेल मार्श को भी कोहली के हाथों कैच कराया। जसप्रीत बुमराह लोन वुल्फ साबित हुए और उन्होंने 12वीं बार पारी में पांच विकेट लिए।
मोर्कल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, हम कह सकते हैं कि हेड काफी अच्छी फॉर्म में हैं, लेकिन मुझे लगता है कि अगर आप 50 से 80 ओवरों तक देखें तो गेंद के साथ हम पिछले मैच में भी पिछड़ गए। हमने थोड़े बहुत रन लुटाए। इसलिए मुझे लगता है कि हमें इस विभाग में बेहतर होने की जरूरत है। सुबह हमने 70 रन देकर तीन विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन दो विश्व स्तरीय खिलाड़ियों का कुछ नहीं कर सके। हम जानते हैं कि स्मिथ ऐसे खिलाड़ी हैं जो रन बना सकते हैं और साझेदारी निभा सकते हैं और दबाव बनाते हैं। यह निश्चित रूप से ऐसा विभाग है जिस पर हमें ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है शायद पारी की गहराई में। हमारे पास योजना हैं लेकिन क्या हम दोनों छोर से इन योजनाओं को लागू कर रहे हैं? यह कुछ ऐसा है जिसमें हमें बेहतर होने की जरूरत है।
टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने पर क्या बोले मोर्कल?
मोर्कल का मानना है कि भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला इसलिए किया था क्योंकि पहले दो दिन बारिश की संभावना थी। उन्होंने कहा, दो दिन तक बारिश की संभावना थी और हमने सोचा कि अगर हम सही विभाग में गेंदबाजी करते हैं तो कुछ विकेट हासिल कर सकते हैं। दुर्भाग्य से यह रणनीति उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। यह पिच ऐसी है जो गेंदबाजों की मदद के लिए थोड़ा समय लेती है।
मोर्कल ने कहा, आकाश दीप ने अच्छी गेंदबाजी की और ऐसा ही कुछ मोहम्मद सिराज ने किया। बुमराह दुनिया के नंबर एक गेंदबाज हैं और ईमानदारी से कहूं तो उनका समर्थन करने के लिए दूसरे छोर पर किसी की जरूरत पड़ती है। मैं अन्य तेज गेंदबाजों के प्रयास को दोष नहीं दे सकता।
दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने बताया कि हेड के खिलाफ पहले से तय योजना विफल हो गई। उन्होंने कहा, इस मैच से पहले हमारी योजना थोड़ी ओवर द विकेट और सीधी लाइन पर गेंदबाजी करने की थी। हमें लगा कि जब हमने एडिलेड में अराउंड द विकेट गेंदबाजी की तो वह काफी अच्छा खेले। एक बार जब वह मैदान में आ गए तो टीम और आपके लिए सबसे अच्छा तरीका शायद स्कोरिंग गति को धीमा करना है क्योंकि आप जानते हैं कि वह आक्रामक होने वाले हैं। हेड को नियंत्रित करने का सबसे अच्छा तरीका थोड़ा नियंत्रण लाना है।