सार
पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के रोमांचक फाइनल में भारत ने एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मनल चौहान ने मुश्किल परिस्थिति में शानदार बल्लेबाजी कर जीत की उम्मीद जगाई, जबकि मोहित उल्वा ने आखिरी ओवर में खुद पर भरोसा रखते हुए टीम को जीत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन, कोच और सपोर्ट स्टाफ के भरोसे और मैच के दौरान बने दबाव को लेकर अनुभव साझा किए।
पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने जिस अंदाज में एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की, उसके नायक रहे मनल चौहान और मोहित उल्वा। एक ओर मनल ने मुश्किल परिस्थिति में आक्रामक बल्लेबाजी कर जीत की उम्मीद जगाई, तो दूसरी ओर मोहित उल्वा ने आखिरी समय तक खुद पर भरोसा बनाए रखते हुए भारतीय टीम को चैंपियन बना दिया। दोनों खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला सिर्फ एक फाइनल नहीं, बल्कि खुद को साबित करने का बड़ा मौका भी था।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
मैच में क्या हुआ?
भारतीय टीम ने शनिवार को इतिहास रचते हुए एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार यह ट्रॉफी जीती। 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर हार की कगार पर खड़ी भारतीय टीम को मनल चौहान और मोहित उल्वा ने यादगार जीत दिलाई। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 49.6 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया।
क्या थी मनल की रणनीति?
पाकिस्तान ने भारत के सामने 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को आखिरी ओवरों में ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत थी, जो दबाव में अपना स्वाभाविक खेल दिखा सकें। मनल चौहान ने यह जिम्मेदारी बखूबी निभाई। उन्होंने रन गति को बनाए रखने के लिए हर ओवर में कम से कम एक अच्छी बाउंड्री लगाने का लक्ष्य रखा। मनल के मुताबिक, उस समय वह लगातार रन और रन रेट का हिसाब लगा रहे थे। उनका मानना था कि अगर हर ओवर में एक चौका और चार रन सिंगल से मिल जाएं, तो 10 रन प्रति ओवर की गति आसानी से बरकरार रखी जा सकती है।
मनल ने बताया कि टीम के सपोर्ट स्टाफ और कोच ने पूरे टूर्नामेंट में उन पर फिनिशर की भूमिका के लिए भरोसा जताया था। उन्हें लगातार यही संदेश दिया गया कि मैदान पर जाने के बाद अपने खेल का आनंद लें और बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी करें। इस भरोसे ने उन्हें मुश्किल समय में भी सकारात्मक बनाए रखा। जब मोहित बल्लेबाजी के लिए आए तो उन्होंने भी मनल से यही कहा कि हम मैच खत्म कर सकते हैं, बस अपनी प्रक्रिया और खुद पर भरोसा रखो।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
आखिरी गेंद तक मोहित को था खुद पर भरोसा
मोहित उल्वा के लिए यह फाइनल व्यक्तिगत तौर पर भी बेहद खास रहा। उन्होंने स्वीकार किया कि एशिया कप में उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। वह खुद को सिर्फ गेंदबाज नहीं, बल्कि ऑलराउंडर मानते थे और बल्लेबाजी में भी अपनी क्षमता साबित करना चाहते थे। उन्हें बस एक मौके का इंतजार था, जो पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिला।
मोहित ने कहा कि आखिरी ओवर में उनके दिमाग में ज्यादा कुछ नहीं चल रहा था। उन्हें खुद पर और भगवान पर पूरा भरोसा था। मनल ने उनसे पहले बल्लेबाजी करते हुए जिस तरह मैच का माहौल बनाया, उससे उनका काम आसान हो गया। मोहित को बस मैदान पर जाकर अपनी भूमिका निभानी थी। उन्होंने बताया कि वह उस एक गेंद का इंतजार कर रहे थे, जिस पर बाउंड्री लगाकर मैच खत्म किया जा सके। उन्हें पूरा विश्वास था कि यह उनका दिन है और वह भारत को जीत दिलाकर ही लौटेंगे।
मोहित का आत्मविश्वास उनके शब्दों में भी साफ नजर आया। वह खुद से लगातार कहते रहते हैं, 'मैं यह कर सकता हूं, मैं यह करूंगा और आखिरी दम तक करके दिखाऊंगा।' उन्होंने टीम के एक अन्य साथी वेंकटा का भी विशेष जिक्र किया, जिसने आखिरी गेंद तक उन पर भरोसा बनाए रखा और लगातार कहा कि वह मैच खत्म कर सकते हैं। मोहित के मुताबिक, इस भरोसे ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया।
नंबर-10 को मानते हैं अपना लकी नंबर
मोहित ने अपनी बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी दिलचस्प बात कही। उन्होंने बताया कि नंबर-10 उनके लिए हमेशा से लकी रहा है, क्योंकि इस नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए ही उन्होंने अपने अधिकतर रन बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी इसी क्रम पर उन्हें खुद को साबित करने का मौका मिला।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य का पीछा करने से पहले ड्रेसिंग रूम में टीम का माहौल सकारात्मक था। सभी को भरोसा था कि पाकिस्तान ने जितने रन बनाए हैं, भारतीय टीम भी उतने रन बना सकती है। पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी और टीम का मानना था कि अगर विकेट हाथ में रहें तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए लक्ष्य ने भी पारी को शानदार तरीके से आगे बढ़ाया। मोहित का मानना था कि अगर वह आउट नहीं होते तो शायद खुद ही मैच खत्म कर देते।
मोहित ने यह भी बताया कि बल्लेबाजी के लिए उतरने से पहले कोच ने व्यक्तिगत रूप से उनके पास आकर कहा था कि वह खुद पर भरोसा रखें और यह कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने किसी नतीजे के बारे में सोचने के बजाय सिर्फ गेंद को देखने और अपने शॉट खेलने पर ध्यान दिया।
करीब पहुंचकर आउट होने का मनल को रहा मलाल
मनल चौहान ने मैच के दौरान खुद पर अतिरिक्त दबाव लेने की बात भी स्वीकार की। स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ आउट होने के बाद वह काफी निराश थे। उन्होंने बताया कि ड्रेसिंग रूम में लौटने पर उनकी आंखों में आंसू तक आ गए थे। उनका मानना था कि ऐसे मौके बार-बार नहीं मिलते और टीम जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी। हालांकि, अंत में मोहित ने उनकी मेहनत को अंजाम तक पहुंचाया और भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
मनल और मोहित ने पाकिस्तान के जबड़े से कैसे छीनी जीत?
- 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़े। आर्यवीर 61 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में नौ चौके शामिल रहे। दूसरे छोर पर कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 101 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 80 रन बनाए। हालांकि, दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई।
- वीके विनीत 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अर्जुन राजपूत 16 और यशवर्धन चौहान नौ रन ही बना सके। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने 12 गेंदों में 19 रन बनाए। आर्यन सावसानी नौ रन और काव्या पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इस तरह भारतीय टीम ने 252 रन के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए और पाकिस्तान की जीत लगभग तय नजर आने लगी। लेकिन नौवें विकेट के लिए मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने मुकाबले की तस्वीर बदल दी।
- दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मनाल ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। वह 48वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन दूसरे छोर पर मोहित डटे रहे। मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। भारतीय टीम को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। मोहित ने शानदार चौका जड़कर भारत को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।