सार
भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, लेकिन मनल चौहान (47) और मोहित उल्वा (नाबाद 49) ने शानदार बल्लेबाजी कर आखिरी गेंद पर जीत दिलाई।
भारतीय टीम ने शनिवार को इतिहास रचते हुए एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार यह ट्रॉफी जीती। 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर हार की कगार पर खड़ी भारतीय टीम को मनल चौहान और मोहित उल्वा ने यादगार जीत दिलाई। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 337 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 49.6 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
मनल और मोहित ने पाकिस्तान के जबड़े से कैसे छीनी जीत?
- 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़े। आर्यवीर 61 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में नौ चौके शामिल रहे। दूसरे छोर पर कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 101 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 80 रन बनाए। हालांकि, दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई।
- वीके विनीत 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अर्जुन राजपूत 16 और यशवर्धन चौहान नौ रन ही बना सके। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने 12 गेंदों में 19 रन बनाए। आर्यन सावसानी नौ रन और काव्या पटेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इस तरह भारतीय टीम ने 252 रन के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए और पाकिस्तान की जीत लगभग तय नजर आने लगी। लेकिन नौवें विकेट के लिए मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने मुकाबले की तस्वीर बदल दी।
- दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मनाल ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे। वह 48वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन दूसरे छोर पर मोहित डटे रहे। मोहित उल्वा ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। भारतीय टीम को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। मोहित ने शानदार चौका जड़कर भारत को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
उस्मान खान के शतक से पाकिस्तान ने बनाए 337 रन
इससे पहले टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने भारतीय गेंदबाजों के सामने 338 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज हयाम खान और उस्मान खान ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 62 रन जोड़े। हयाम 23 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद उस्मान खान ने अब्दुल कादिर के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रन की शानदार साझेदारी हुई। उस्मान खान ने 111 गेंदों में 107 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने 11 चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, अब्दुल कादिर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 54 गेंदों में 80 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और आठ छक्के शामिल रहे। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी शानदार योगदान दिया। उन्होंने 63 गेंदों में 60 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। इसके अलावा अहमद हुसैन ने 17 और विकेटकीपर हमजा जहूर ने 10 रन बनाए।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
आखिरी छह ओवर में भारतीय गेंदबाजों की शानदार वापसी
एक समय पाकिस्तान की टीम चार विकेट पर 299 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, आखिरी छह ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की और पाकिस्तान के पांच विकेट चटका दिए। इस दौरान पाकिस्तान की टीम केवल 37 रन ही जोड़ सकी और 50 ओवर में उसका स्कोर 337/9 तक पहुंचा। भारत की ओर से काव्या पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 68 रन देकर चार विकेट हासिल किए। चिगुरुपति वेंकट ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अर्जुन राजपूत को एक सफलता मिली।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
भारत ने नौवीं बार जीता अंडर-19 एशिया कप
भारतीय टीम की इस जीत को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। एक समय मुकाबले में पूरी तरह पिछड़ने के बावजूद युवा खिलाड़ियों ने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया और पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया। मनल चौहान और मोहित उल्वा की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का चैंपियन बना दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एक बार फिर एशियाई अंडर-19 क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की।
भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप का खिताब
- फोटो : BCCI
ग्रुप स्टेज की हार का लिया बदला
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के हाथों मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। फाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत ने एक बार फिर अंडर-19 क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की। भारत का यह नौवां अंडर-19 एशिया कप खिताब है। आखिरी गेंद पर मिली इस रोमांचक जीत ने टूर्नामेंट के फाइनल को यादगार बना दिया।