मयंक मार्कंडे (4 विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी और हिम्मत सिंह (58*) व नितीश राणा (60*) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने गुरुवार को एमर्जिंग टीम कप के पहले सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी।
श्रीलंका के कोलंबो क्रिकेट कल्ब ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम एमर्जिंग टीम कप के फाइनल में पहुंच गई है। अब फाइनल में उसका मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल (श्रीलंका/बांग्लादेश) में जीतने वाली टीम से 15 दिसंबर को होगा।
टॉस जीतकर टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने टीम इंडिया को जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में टीम इंडिया ने 27.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम इंडिया की तरफ से नीतीश राणा ने 60 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए, जबकि हिम्मत सिंह ने 58 गेंदों में 3 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 59 रन की नाबाद पारी खेली।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान 44.4 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की शुरुआत निराशाजनक रही। 42 रन के स्कोर पर ही उसके 4 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद भी उसके कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाज के आगे टिक नहीं पाए और उसकी पूरी टीम सस्ते स्कोर पर सिमट गई।
टीम इंडिया की तरफ से मयंक मार्कंडे ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 38 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, तेज गेंदबाज अंकित राजपूत और जयंत यादव ने 2-2 विकेट झटके।