भारत दौरे पर आई वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को वनडे सीरीज से पहले ही भारत की 'ए' से करारी हार का सामना करना पड़ गया है।
कैरेबियाई टीम को भारत के खिलाफ अगले हफ्ते यानी 8 अक्टूबर से 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, लेकिन इससे पहले विंडीज ने भारतीय माहौल में ढलने के लिए 2 अभ्यास मैच खेलने का कार्यक्रम बनाया हुआ था।
लेकिन सीरीज से पहले शुक्रवार को खेले गए शुरुआती अभ्यास मैच में वेस्टइंडीयंस को भारत-ए ने 147 गेंद रहते 9 विकेट से हरा दिया। मेहमान टीम के लिए दुखद बात यह रही कि उसकी पूरी टीम 39 ओवर के अंदर ही आउट हो गई थी।
भारतीय गेंदबाजी के आगे लड़खड़ाती रही विंडीज की टीम
वनडे सीरीज से पहले खेले गए मुंबई बेब्रोर्न स्टेडियम में पहले अभ्यास मैच में वेस्टइंडीयंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन उनका यह फैसला गलत साबित हो गया।
चौथे ओवर में लियोन जॉनसन (0) के आउट होने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मेहमानों पर जबर्दस्त शिकंजा कस लिया। इसके बाद ओपनर लिंडल सिमंस 12 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हो गए।
मेहमान टीम के विकेटों के गिरने का सिलसिला लगातार चलता रहा। उसके 3 बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि मार्लोन सैमुअल्स ने 56 रन बनाकर टीम की उम्मीद को बनाए रखी, लेकिन दूसरे छोर से ज्यादा सपोर्ट नहीं मिलने पर टीम को ज्यादा फायदा नहीं हुआ।
भारतीय गेंदबाजों की जानदार गेंदबाजी के आगे विंडीज की पूरी टीम 38.1 ओवर में 148 रन बनाकर आउट हो गई।
अमित मिश्रा ने अपनी फिरकी से विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। उन्होंने 10 ओवर में एक मेडन के साथ 3 विकेट झटके।
युवा बल्लेबाज ने चंद ने खेली 'उन्मुक्त' पारी
गेंदबाजी में कमाल के बाद अब बारी भारतीय बल्लेबाजों की थी। जीत के लिए मिले 149 रनों के लक्ष्य के जवाब में भारतीय टीम ने जोरदार शुरुआत की।
मुरली विजय और उन्मुक्त चंद की भारतीय सलामी जोड़ी ने 12 ओवर में ही 71 रनों की साझेदारी कर टीम के तेवर दिखा दिए। हालांकि तेज गेंदबाज केमोर रोच ने विजय को 26 रनों के निजी स्कोर पर सैमुअल्स के हाथों कैच आउट करा दिया।
इसके बाद उन्मुक्त का साथ देने करुण नायर क्रीज पर आए और दोनों ने अविजित 78 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के पार पहुंचा दिया। उन्मुक्त ने 81 गेंदों में नाबाद 79 रन बनाए, जबकि नायर 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
वनडे सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास मैच में मिली हार विंडीज टीम के लिए बड़ा झटका हो सकता है।