तीन मैचों की अनधिकृत टेस्ट सीरीज में भारत ए ने वेस्ट इंडीज ए के ऊपर 2-0 से जीत दर्ज की। त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला गया आखिरी टेस्ट ड्रा पर खत्म हुआ।
मैच की पहली पारी में भारत ए की टीम 201 रन पर आलआउट हो गई थी। इस दौरान टीम की तरफ से कप्तान हनुमा विहारी और रिधिमान साहा ने अर्धशतकीय पारियां खेली थी। वहीं वेस्टइंडीज ए की टीम कृष्णप्पा गौतम की जबरदस्त गेंदबाजी के आगे टिक नहीं पाई और पूरी टीम 194 रन पर आलआउट हो गई। गौतम ने हैट्रिक के साथ छह विकेट चटकाए।
वहीं दूसरी पारी में शुभमन गिल के दोहरे शतक और विहारी के शतक की मदद से टीम ने वेस्टइंडीज ए के सामने विशाल लक्ष्य रखा। आखिरी दिन वेस्टइंडीज ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 6 विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाकर आखिरी तक विकेट बचाए रखा। बाद में दिन की समाप्ति के बाद मैच ड्रा पर खत्म हुआ।
दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ए के लिए सलामी बल्लेबाज जेरेमी सोलोजानो ने 92 रन बनाए जबकि ब्रैंडन किंग ने 77 और सुनील अंबरीश ने 69 रन की पारी खेली। वहीं भारत ए की तरफ से शाहबाज़ नदीम ने 5 विकेट झटके।