वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली टीम इंडिया का चयन रविवार 21 जुलाई को चयनकर्ता करेंगे। इस बीच वेस्टइंडीज दौरे पर गई इंडिया ए और वेस्टइंडीज ए के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है। इंडिया ए ने सीरीज में पहले ही तीन मैच जीतकर अजेय बढ़त बना ली है, लेकिन चौथे मुकाबले में रोमांच भरपूर देखने को मिला। आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मैच में वेस्टइंडीज ए ने बाजी मारी और भारतीय ए टीम को पांच रन से हार का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को एंटीगा के कूलिज क्रिकेट मैदान पर चौथे मैच में वेस्टइंडीज ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 298 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। विंडीज की ओर से रोस्टन चेस ने सर्वाधिक 84 रन बनाए। जबकि डेवोन थॉमस ने 70 रनों की पारी खेली। टीम इंडिया के लिए सबसे सफल गेंदबाज खलील अहमद रहे। उन्होंने 67 रन देकर चार विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की खराब शुरुआत हुई और 82 रनों पर उसके तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। क्रुणाल पंड्या ने कप्तान मनीष पांडे के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन पंड्या भी 45 रन के निजी स्कोर पर चलते बने।
इसके बाद मनीष पांडे भी जल्द ही आउट हो गए। निचले क्रम में अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नही हो पाए। सुंदर ने 45 रन बनाए, जबकि अक्षर पटेल 63 गेंदों पर ताबड़तोड़ 81 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में अक्षर पटेल ने आठ चौके व एक छक्का लगाया।
इंडिया ए 50 ओवर में 9 विकेट पर 293 रन ही बना सकी। पांच मैचों की वनडे सीरीज में इंडिया ए ने तीन मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच पांचवां और आखिरी मुकाबला 21 जुलाई रविवार को खेला जाएगा।