श्रीलंका ए ने भारत ए को आठ विकेट से हराकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में जगह बना ली। भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट पर 317 रन बनाए। श्रीलंका ने जवाब में 41.3 ओवर में दो विकेट पर 318 रन बनाकर जीत दर्ज की। इस हार के साथ ही भारत ए का सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया है। श्रीलंका ए के लिए इस मैच में लसिथ क्रूसपुले और सिनेथ जयर्वधने ने शतक लगाए, जबकि निशान मादुश्का अर्धशतक लगाकर नाबाद रहे।
विकेट के लिए तरसे गेंदबाज
भारत ए की गेंदबाज बहुत ही खराब रही और टीम के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए। श्रीलंका की ओपनिंग जोड़ी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और जीत की नींव रखी। भारत ए के गेंदबाजों के पास इस जोड़ी को परेशान करने का कोई तोड़ नजर नहीं आया। क्रूसपुले और जयवर्धने ने पहले विकेट के लिए 174 रनों की साझेदारी की। जयवर्धने और क्रूसपुले शतक लगाकर आउट हुए। तब तक मैच भारत ए के हाथों से निकल चुका था। श्रीलंका ए को जीत दिलाने की औपचारिकता मादुश्का और कप्तान पवन रत्नायके ने पूरी की।
भारतीय टीम के मुख्य गेंदबाज हर्षित राणा काफी महंगे साबित हुए और श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने उन्हें जमकर निशाने पर लिया। हर्षित ने सात ओवर में 61 रन लुटाए और उन्हें महज एक सफलता मिली। सूर्यांश शेडगे ने तो दो ही ओवर में 23 रन लुटाए, जबकि अरशद खान ने भी 11.50 की इकॉनोमी से चार ओवर में 46 रन दिए। कुल मिलाकर भारत का कोई गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश नहीं कर सका। भारत को अगर इस मैच में हार मिली तो उसका मुख्य कारण औसत दर्जे की गेंदबाजी रही।
सिनेथ जयवर्धने
- फोटो : SLC
कूसपुले-जयवर्धने के शतक
श्रीलंका ए के लिए क्रूसपुले ने सबसे ज्यादा 107 गेंदों पर 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 116 रन बनाए। वहीं, जयवर्धने ने 70 गेंदों पर 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से 105 रन बनाए। मादुश्का 56 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रत्नायके 16 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत के लिए हर्षित राणा और शहबाज अहमद को एक-एक विकेट मिला। श्रीलंका ए का फाइनल में सामना पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले एक अन्य सेमीफाइनल की विजेता टीम से रविवार को होगा।
वैभव और अभिषेक
- फोटो : BCCI
अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सका भारत
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। पिछले मुकाबले में रिकॉर्ड 204 रन की पारी खेलने वाले युवा बल्लेबाज सूर्यवंशी को श्रीलंकाई गेंदबाजों ने काफी चुनौती दी। उन्होंने लगातार वाइड और फुल लेंथ गेंदों का इस्तेमाल किया। आखिरकार सूर्यवंशी शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए और गेंद को हवा में लहराकर कैच दे बैठे। जनिथ लियानागे की गेंद पर लसिथ क्रूसपुले ने उनका कैच लपका। इसके बाद तिलक और अभिषेक ने पारी को संभाला। दोनों ने खराब गेंदों पर चौके लगाए और स्ट्राइक रोटेट करते हुए रन गति बनाए रखी।
इस दौरान अभिषेक ने अर्धशतक भी पूरा किया। 22वें ओवर में लाहिरू समाराकून की धीमी गेंद को अभिषेक समझ नहीं सके और लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे। अभिषेक ने 63 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 78 रन बनाए लेकिन वह अच्छी शुरुआत को शतक में नहीं बदल सके। तिलक ने भी पचासा पूरा किया, लेकिन रविंदु फर्नांडो की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में तिलक आउट हुए। तिलक ने भी 66 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए।
शहबाज की एक और शानदार पारी
शहबाज अहमद ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक जड़ा। इस मैच में भारत के लिए तीन बल्लेबाजों ने 50+ रन बनाए। शहबाज की पारी के दम पर ही भारत 300 रनों का आंकड़ा पार कर सका। नदीम ने 48 गेंद की अपनी पारी में चार छक्के लगाए और तनुष कोटियान (28 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत को उस समय संभाला जब कप्तान तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद पारी की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। भारतीय बल्लेबाजों ने जिस तरह शुरुआत की थी, लग रहा था कि टीम 350+ का स्कोर बनाएगी, लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की और भारत ए की रनगति को रोका। शहबाज 48 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने 40, तनुष कोटियान ने 28, कुमार कुशाग्र ने 21, रिंकू सिंह ने 12 और सूर्यांश शेडगे ने 10 रनों का योगदान दिया। अंत में अगर शहबाज अर्धशतकीय पारी नहीं खेलते तो श्रीलंका पहले ही लक्ष्य चेज कर लेता। श्रीलंका ए के लिए रविंदु फर्नांडो, जनिथ लियानागे और निपुन धनंजय ने दो-दो विकेट लिए, जबकि गारुका संकेत और लाहिरु समाराकून को एक-एक विकेट मिला।