सुप्रीम कोर्ट ने 15 साल की सजा पाए आरोपी को किया बरी
सुप्रीम कोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में 15 साल की सजा पाए आरोपी को बरी कर दिया। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ अपराध साबित करने में विफल रहा। कोर्ट ने पीड़िता के बयान में कई विसंगतियां पाईं और यौन हमले की पुष्टि करने वाला कोई मेडिकल सबूत भी नहीं मिला। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने कार के अंदर उसके साथ मारपीट की और कई बार दुष्कर्म किया, लेकिन मेडिकल जांच में उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। कोर्ट ने यह भी पाया कि जांच अधिकारी ने कार जब्त करने या उसके अंदर फॉरेंसिक जांच कराने की कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे कथित मारपीट या यौन हमले के सबूत मिल सकते थे। पीठ ने कहा कि पीड़िता का अकेला बयान इतना विश्वसनीय और ठोस नहीं था कि उसके आधार पर आरोपी की सजा बरकरार रखी जा सके। दरअसल, मामला 17 अगस्त 2019 का है, जब आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता को अपनी कार में लिफ्ट दी और उसे चिप्स व सॉफ्ट ड्रिंक दी। आरोप है कि इन्हें खाने-पीने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई, जिसके बाद दो अलग-अलग जगहों पर उसका यौन उत्पीड़न किया गया। इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को IPC की धारा 376(1) के तहत दोषी ठहराया था। वहीं, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने उम्र का पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर पॉक्सो के आरोप हटा दिए थे, लेकिन दुष्कर्म के मामले में दोषसिद्धि बरकरार रखी थी। इसके बाद आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की, जहां साक्ष्यों की कमी और पीड़िता के बयान में विसंगतियों के आधार पर उसे बरी कर दिया गया।