टॉम हेन्स के शतक और मैक्स होल्डेन के अर्धशतक की मदद से इंग्लैंड लायंस ने भारत ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में दिन के खेल की समाप्ति तक दो विकेट पर 237 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड लायंस की टीम फिलहाल भारत ए से 320 रन से पीछे चल रही है। स्टंप्स के समय हेन्स 103 रन और होल्डेन 64 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत के लिए अबतक अंशुल कंबोज और हर्ष दुबे को एक-एक विकेट मिला है।
हेन्स-होल्डेन की शानदार साझेदारी
इससे पहले, करुण नायर के दोहरे शतक और ध्रुव जुरेल तथा सरफराज खान के अर्धशतकों की मदद से भारत ए ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहली पारी में 557 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड लायंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और भारत को पहली सफलता अंशुल कंबोज ने बेन मैकनी को आउट कर दिलाई जो 16 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हेन्स ने एमिलिओ गे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की और इंग्लैंड लायंस की पारी को संभाला। हर्ष ने हालांकि एमिलिओ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। एमिलिओ 90 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। फिर हेन्स और होल्डेन ने पारी आगे बढ़ाई और भारत ए के गेंदबाजों को दिन का खेल समाप्त होने तक कोई सफलता हासिल नहीं करने दी। हेन्स और होल्डेन के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी हो चुकी है।
जुरेल शतक से चूके
इस मैच में इंग्लैंड लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी, लेकिन करुण, जुरेल और सरफराज ने शानदार बल्लेबाजी कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। सात साल बाद वापसी कर रहे करुण ने दमदार बल्लेबाजी की। भारत ए ने पहले दिन तीन विकेट पर 409 रन बनाए थे, लेकिन दूसरे दिन भारत ए की पारी लंच के बाद ऑलआउट हो गई। भारत को दूसरे दिन चौथा झटका जुरेल के रूप में लगा जो शतक से चूक गए। जुरेल 120 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 94 रन बनाकर आउट हो गए। जुरेल और करुण के बीच चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी हुई जिसे अजीत डाले ने तोड़ा। नीतीश कुमार रेड्डी प्रभावित नहीं कर सके और सात रन बनाकर आउट हुए। करुण ने हालांकि शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 272 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया।
करुण के आउट होने के बाद लड़खड़ाई पारी
करुण नायर दोहरा शतक लगाकर आउट हो गए। करुण 281 गेंदों पर 26 चौकों और एक छक्के की मदद से 204 रन बनाकर आउट हुए। करुण के आउट होने के बाद शार्दुल ठाकुर भी 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। करुण के पवेलियन लौटने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। भारत ए ने लंच ब्रेक सात विकेट पर 533 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में हालांकि, इंग्लैंड लायंस के गेंदबाजों ने वापसी की और भारत ए के शेष तीन विकेट जल्द गिरा दिए। भारत ए के लिए हर्ष दुबे 32, अंशुल कंबोज 23 और हर्षित राणा 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मुकेश कुमार खाता खोले बिना नाबाद लौटे। इससे पहले शुरुआती दिन भारत ए ने यशस्वी जायसवाल (24), कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (8) और सरफराज खान (92) के विकेट गंवाए थे। इंग्लैंड लायंस की ओर से जोश हुल और जमां अख्तर ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि एडी जैक ने दो और अजीत डाले तथा रेहान अहमद को एक-एक विकेट मिला।