अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने शनिवार को कहा कि भारत के युवा खिलाड़ियों में इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में कुछ खास हासिल करने की क्षमता है, बशर्ते वे खुद पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि नई पीढ़ी आगे आए।
गिल की अगुआई में इंग्लैंड दौरे पर जाएगी टीम
पच्चीस वर्षीय शुभमन गिल की अगुआई में भारत अगले महीने इंग्लैंड के पांच टेस्ट मैचों के दौरे के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी( का नया चक्र शुरू करेगा। भारत को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की सेवाएं नहीं मिलेगी। इन दोनों ने हाल में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। भारत को ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की भी कमी खलेगी, जिन्होंने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान संन्यास ले लिया था। इसके अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भी कमी खलेगी, जो टेस्ट क्रिकेट में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हैं।
दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। मुंबई में उन्होंने भारतीय क्रिकेट के कई पहलुओं को लेकर बात की है। डिविलियर्स ने गिल को भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किए जाने पर कहा, 'अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ी आगे आएं। शुभमन गिल जिम्मेदारी ले रहे हैं। भारत में काफी प्रतिभा है और इसका श्रेय काफी हद तक आईपीएल को जाता है। हमने इस साल वैभव सूर्यवंशी को देखा। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम की और गिल की कड़ी परीक्षा होगी।'