पहला मैच गंवाने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जोरदार पलटवार किया है। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में मंगलवार को दूसरा एकदिवसीय मुकाबला खेला गया। भारत ने पहले टॉस जीता फिर बाद में मुकाबला भी जीतकर पांच मैच की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। स्मृति मंधाना और पूनम राउत के अर्धशतकों के बूते भारत ने 128 गेंद पहले नौ विकेट के विशाल अंतर से मैच अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द मैच घोषित की गई अनुभवी झूलन ने चार विकेट चटकाए। सीरीज का तीसरा मैच 12 मार्च को होगा।
इससे पहले भारतीय कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। झूलन गोस्वामी की शानदार गेंदबाजी से मेहमान टीम 41 ओवर में 157 रन पर ही सिमट गई। प्रोटियास टीम के नियमित अंतराल में विकेट गिरते गए। झूलन ने 10 ओवर में 2 रन देकर चार विकेट लिए, उनके अलावा राजेश्वरी गायकवाड़ ने 37 रन देकर तीन और मानसी जोशी ने 23 रन देकर दो विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीकी टीम को कम स्कोर पर समेटने में अहम योगदान दिया।