भारतीय महिला टीम की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान एक खास उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। शेफाली किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ दिया है। शेफाली का बल्ला श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में जमकर चला।
पांचवें टी20 में सस्ते में आउट हुईं शेफाली
शेफाली का बल्ला श्रीलंका के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में नहीं चला और वह सस्ते में आउट हुईं। अपना पहला ओवर डालने आईं निमाशा ने शेफाली वर्मा को अपना शिकार बनाया। भारत के लिए शेफाली वर्मा के साथ डेब्यू कर रहीं जी कमालिनी ने पारी का आगाज किया। शेफाली हालांकि छह गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुईं।
शेफाली भले ही पांचवें टी20 में बड़ी पारी नहीं खेल सकीं, लेकिन वह एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गईं। शेफाली ने श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में 241 रन बनाए और उन्होंने मंधाना के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। मंधाना ने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 221 रन बनाए थे, लेकिन अब शेफाली ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से पहले शेफाली ने नौ पारियों में 106.4 के स्ट्राइक रेट से 182 रन बनाए थे। लेकिन इस सीरीज में उन्होंने पांच पारियों में 80.3 के औसत और 181.2 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए। उन्होंने तीन मैचों में अर्धशतक भी लगाए।
इस सीरीज में भारत का पावरप्ले में न्यूनतम स्कोर
भारत ने पावरप्ले समाप्त होने तक दो विकेट पर 40 रन बनाए थे। भारत का श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में यह पावरप्ले में न्यूनतम स्कोर है। भारत ने इससे पहले शुरुआती चार मैचों में पावरप्ले में 55/1, 68/1, 55/1 और 61/0 रन बनाए थे।
कमालिनी का टी20 डेब्यू
श्रीलंका ने पांचवें टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। भारत के लिए जी कमालिनी ने इस मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू किया है। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए। स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह को आराम दिया गया है। कमालिनी के अलावा स्नेह राणा को भी मौका मिला।