टी20 विश्व कप में भारत का सर्वोच्च स्कोर
- फोटो : BCCI Women
भारतीय महिला टीम ने बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। लीड्स में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 209 रन बनाए।
भारत बनाम नीदरलैंड
- फोटो : BCCI Women
शेफाली और मंधाना ने दिलाई दमदार शुरुआत
'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने भारत को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 70 गेंदों में 115 रन की साझेदारी हुई। शेफाली 38 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 10 चौके शामिल रहे। इसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन जुटाए। भारत को 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर स्मृति मंधाना के रूप में दूसरा झटका लगा। मंधाना 47 गेंदों में एक छक्के और 11 चौकों के साथ 74 रन बनाकर आउट हुईं।
अगली गेंद पर टीम ने रोड्रिग्स का विकेट भी गंवा दिया। इस खिलाड़ी ने 13 गेंदों में दो चौकों के साथ 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। 17.1 ओवर में भारत को यास्तिका भाटिया (3) के रूप में चौथा झटका लगा। भारतीय टीम 168 के स्कोर तक चार विकेट गंवा चुकी थी। यहां से ऋचा घोष (नाबाद 20) ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) के साथ पांचवें विकेट के लिए 15 गेंदों में 31 रन की साझेदारी करते हुए भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दीप्ति शर्मा (नाबाद 10) पारी की अंतिम दो गेंदें खेलने मैदान पर उतरीं, जिसमें एक छक्का और एक चौका लगाकर भारत को 209/5 के स्कोर तक पहुंचाया। नीदरलैंड की तरफ से कैरोलिन डी लैंग ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि आइरिस ज्विलिंग, हीथर सीगर्स और मर्थे वैन डेन राड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
भारत बनाम नीदरलैंड
- फोटो : BCCI Women
भारतीय महिला टीम का बड़ा कारनामा
इस मैच में टीम इंडिया ने बड़ा कारनामा किया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम का यह टी20 विश्व कप में किसी भी टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। इस मामले में शीर्ष पर इंग्लैंड है, जिसने श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में 219/1 रन बनाए। दूसरे स्थान पर भी इंग्लैंड की टीम है, जिसने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 213/5 का स्कोर बनाया था। भारत ने इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2018 में 194/5 का टोटल बनाया था। वहीं, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवीं बार 200 से ज्यादा स्कोर बनाया। दिलचस्प बात यह है कि महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह भारत का किसी भी टीम के खइलाफ चौथा सबसे बड़ा स्कोर है।