आयरलैंड के खिलाफ पहले वनडे में छह विकेट से जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। हालांकि, जीत के बावजूद टीम की कप्तान स्मृति मंधाना खुश नहीं हैं। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की खराब फील्डिंग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमें मेहमानों को 180 रन पर समेट देना चाहिए था।
खराब फील्डिंग पर फूटा मंधाना का गुस्सा
भारत ने 14वें ओवर में आयरलैंड का स्कोर चार विकेट पर 56 कर दिया था लेकिन मेहमान टीम ने कप्तान गैबी लुईस (92) और लियाह पॉल (59) की बदौलत सात विकेट पर 238 रन बनाने में सफल रही। हालांकि, भारत ने बिना किसी परेशानी के लक्ष्य हासिल कर लिया लेकिन मंधाना ने खराब फील्डिंग को लेकर चिंता जताई। मंधाना ने मैच के बाद कहा- हमें फील्डिंग में सुधार करने की जरूरत है। हमें उन्हें 180 पर रोकना चाहिए था, आगे भी ऐसा करने का लक्ष्य रखेंगे। हमें मैदान पर उतरकर अपनी योजनाओं को लागू करना होगा, यह अहम होगा।
मंधाना ने गेंदबाजों के प्रयास को सराहा
इस दौरान मंधाना ने भारत के गेंदबाजी आक्रमण की तारीफ की। उन्होंने कहा- इस तरह के विकेटों पर गेंदबाजी करना, जिस पर किसी के लिए भी कुछ नहीं है, उसे देखते हुए गेंदबाजों ने अच्छा काम किया। उन्होंने जिस तरह धीमी गेंद और बाउंसर फेंकी, वह अच्छा था। इसके बाद से हर मैच में हमें अपनी योजना के अनुसार काम करने की जरूरत है।
भारत की जीत में प्रतिका का अहम योगदान
इस मैच में प्रतिका रावल ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 96 गेंदों में 89 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और एक छक्का निकला। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने कहा- मैं नतीजे या बड़ी पारी के बारे में नहीं सोच रही थी। मैं सिर्फ एक बार में एक मैच पर ध्यान लगाती हूं। गेंद जब मेरे बल्ले पर आती तो मैंने बाउंड्री लगाने की कोशिश की। वर्ना इसे मैदान पर पुश करने का प्रयास किया।
तेजल ने भी जताई खुशी
वहीं, मध्यक्रम की बल्लेबाज तेजल ने नाबाद 53 रन बनाकर शानदार वापसी की। उन्होंने कहा- खुश हूं कि टीम की जीत में योगदान कर सकी, यही मायने रखता है। अर्धशतक से कहीं अहम जीत है। मेरी योजना परिस्थिति के अनुसार खेलने की थी। शुरू में मैंने स्ट्राइक रोटेट की और फिर बाउंड्री लगाना शुरू किया।