फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs ENG W: टी20 में ऐतिहासिक जीत के बाद वनडे में दबदबा बनाने की कोशिश करेगी भारतीय टीम, देखें संभावित-11

Wed, 16 Jul 2025 02:40 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, साउथैम्पटन

सार

भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें अब तक वनडे में 76 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से 40 मैचों में इंग्लिश टीम ने और 34 मैचों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। दो मैच बेनतीजा रहे हैं।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड महिला वनडे में आंकड़े - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ऐतिहासिक जीत के बाद आत्मविश्वास से भरी भारतीय महिला टीम बुधवार से यहां शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी इसी लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में 3-2 से जीत दर्ज करके नया इतिहास रचा था। यह पहला अवसर था जबकि भारत ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में इंग्लैंड से सीरीज जीती।
विज्ञापन
Trending Videos

विश्व कप की तैयारी

इस साल के आखिर में भारत में वनडे विश्व कप खेला जाना है और उसे देखते हुए हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम 50 ओवरों के प्रारूप में भी अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहेगी। भारत ने अपना आखिरी वनडे मैच मई में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में जीता था। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में जीत हासिल करने से भारतीय टीम का विश्व कप से पहले मनोबल और बढ़ेगा।

रावल को शेफाली पर फिर दी गई तरजीह

भारत ने हाल के वर्षों में अपने दृष्टिकोण में बदलाव किया है तथा 300 से अधिक का स्कोर बनाने पर अधिक जोर दिया है। त्रिकोणीय सीरीज में उसने 276, 275, 337 और 342 का स्कोर बनाया था। कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, 'पिछले कुछ वर्षों में हमने जो वनडे मैच खेले हैं उनमें 300 से अधिक रन बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है। इससे हमारे गेंदबाजों को थोड़ा राहत मिलती है।' युवा सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल को एक बार फिर अनुभवी शेफाली वर्मा पर प्राथमिकता दी गई है। रावल ने त्रिकोणीय सीरीज में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था जहां उन्होंने महिला वनडे में सबसे तेज 500 रन बनाने वाली बल्लेबाज बनकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया था।

मध्यक्रम की जिम्मेदारी इन बल्लेबाजों पर

कप्तान हरमनप्रीत कौर, उप-कप्तान स्मृति मंधाना, फिनिशर ऋचा घोष और भरोसेमंद जेमिमा रॉड्रिग्स और हरलीन देओल जैसे दमदार बल्लेबाजों की मौजूदगी में भारत का शीर्ष और मध्य क्रम मजबूत नजर आता है। इसके अलावा निचले क्रम में दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर की बल्लेबाजी क्षमता को जोड़ लें तो भारत दुनिया की किसी भी टीम को हराने में सक्षम दिखता है।

इंग्लैंड टीम में साइवर और एक्लेस्टोन की वापसी

रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर के चोटिल हो जाने के कारण बाहर हो जाने के बाद तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई अनुभवी अरुंधति रेड्डी करेंगी, जिसमें उन्हें क्रांति गौड़ तथा ऑलराउंडर अमनजोत कौर और सयाली गणेश का सहयोग मिलेगा। भारत के पास स्पिन विभाग में अच्छी पकड़ है। श्री चरणी और राधा यादव की बाएं हाथ की जोड़ी अनुभवी ऑफ स्पिनर स्नेह राणा और दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर जिम्मेदारी संभालेगी। इस बीच इंग्लैंड की टीम काे अपनी दो प्रमुख खिलाड़ियों की वापसी से मजबूती मिलेगी। कप्तान नैट साइवर-ब्रंट चोट से उबरने के बाद फिर से टीम की कमान संभालेंगी। विश्व की नंबर एक वनडे गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन भी घुटने की चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद वापसी कर रही हैं।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़।

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लोट, टैमी ब्यूमोंट (विकेटकीपर), लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर।
विज्ञापन

दोनों स्क्वॉड इस प्रकार हैं:

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, शुचि उपाध्याय, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे।

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, एम्मा लैम्ब, लिंसे स्मिथ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें