केएल राहुल
- फोटो : ANI
भारत के लिए केएल राहुल ने नाबाद 129 रन की शानदार पारी खेली, जबकि रोहित शर्मा 92 रन बनाकर आउट हुए। ऋतुराज गायकवाड़ ने भी 57 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत भारत ने 350 रन का आंकड़ा पार किया, लेकिन शाई होप के सामने भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। होप ने 143 गेंदों पर 162 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
शुभमन गिल-विराट कोहली
- फोटो : BCCI
चार रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसा भारत
- टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने वाली भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जेडन सील्स ने पहले कप्तान शुभमन गिल को पवेलियन भेजा। गिल छोटी गेंद को स्क्वायर लेग की ओर खेलने के प्रयास में शाई होप को कैच दे बैठे।
- इसके बाद विराट कोहली भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। सील्स की अगली ही गेंद पर कोहली ने बल्ला नहीं लगा पाया और गेंद सीधे उनके मिडिल स्टंप पर जा लगी। इस तरह भारत ने चार रन के स्कोर पर ही अपने दोनों विकेट गंवा दिए।
- सील्स और मैथ्यू फोर्ड ने पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। शुरुआती 10 ओवर में भारत सिर्फ 28 रन ही बना सका। वेस्टइंडीज ने रोहित शर्मा को आउट करने के लिए दोनों रिव्यू भी गंवा दिए, लेकिन भारतीय कप्तान ने धीरे-धीरे पारी को संभाल लिया।
रोहित-ऋतुराज
- फोटो : ANI
रोहित-ऋतुराज ने 137 रन जोड़कर बदली तस्वीर
चार रन पर दो विकेट गिरने के बाद रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और फिर धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई। रोहित ने 18वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अल्जारी जोसेफ के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की और एक ही ओवर में पुल शॉट और कवर ड्राइव से चौके बटोरे। रोहित और रुतुराज की साझेदारी ने भारत को शुरुआती झटकों से बाहर निकाला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 137 रन जोड़े।
रोहित 85 गेंदों पर 92 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वह कीमो पॉल की बैक ऑफ लेंथ गेंद को पुल करने के प्रयास में ज्वेल एंड्रयू को कैच दे बैठे और शतक से आठ रन दूर रह गए। इसके पांच गेंद बाद ऋतुराज भी आउट हो गए। उन्होंने 69 गेंदों पर 57 रन बनाए और इस दौरान अपना दूसरा वनडे अर्धशतक पूरा किया। जेडन सील्स ने उन्हें आउट करके अपना तीसरा विकेट हासिल किया।
केएल राहुल
- फोटो : BCCI
राहुल ने आखिरी ओवरों में बरसाए रन
रोहित और ऋतुराज के आउट होने के बाद केएल राहुल ने पारी की जिम्मेदारी संभाली। नमन धीर ने भी उनका अच्छा साथ दिया। दोनों ने 43 गेंदों पर 65 रन जोड़कर भारत की रन गति को बनाए रखा। नमन धीर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर बल्लेबाज अपनी पहली पारी में आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने 21 गेंदों पर 30 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। इसके बाद राहुल ने आखिरी ओवरों में अपना गियर बदल दिया।
राहुल ने जेडन सील्स के खिलाफ छक्का लगाकर अपना नौवां वनडे शतक पूरा किया। शतक के बाद उन्होंने तेजी से रन बनाए और पारी के अंतिम ओवर में लगातार दो छक्के जड़ने के बाद चौका भी लगाया। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी से भारत 350 रन के पार पहुंच गया। राहुल 129 रन बनाकर नाबाद रहे। नितीश कुमार रेड्डी और पदार्पण कर रहे अंशुल कंबोज ने भी आखिरी ओवरों में कुछ उपयोगी रन जोड़े। भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 351 रन बनाए।
कैंपबेल और शाई होप
- फोटो : PTI
वेस्टइंडीज ने शुरुआत से ही दिखाए आक्रामक तेवर
352 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज शाई होप और जॉन कैंपबेल ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। दोनों ने शुरुआती चार ओवर में ही आठ चौके लगा दिए। हालांकि, मोहम्मद सिराज ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने अंदर आती गेंद पर कैंपबेल को बोल्ड कर दिया। कैंपबेल 10 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद आमिर जांगू क्रीज पर आए और उन्होंने होप के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। होप ने 46 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि जांगू ने 47 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगाईं और वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
शाई होप-आमिर जांगू
- फोटो : ANI
होप-जांगू ने 109 रन की साझेदारी से मजबूत की नींव
शाई होप और आमिर जांगू ने दूसरे विकेट के लिए 103 गेंदों पर 109 रन की साझेदारी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों को कुछ मौके भी मिले। जांगू का कैच विराट कोहली से छूट गया, लेकिन बाद में वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे। मिडविकेट से कोहली के सीधे थ्रो ने जांगू को क्रीज से बाहर कर दिया। उन्होंने 67 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। जांगू के आउट होने के बाद शेर्फेन रदरफोर्ड ने 24 रन बनाए, लेकिन वह ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। कीमो पॉल ने इसके बाद होप के साथ मिलकर वेस्टइंडीज की पारी को तेजी दी। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। पॉल ने 35 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल थे।
शाई होप
- फोटो : ANI
17 चौके और तीन छक्के, होप ने खेली यादगार पारी
एक छोर पर विकेट गिरने के बावजूद शाई होप ने अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार कम नहीं होने दी। उन्होंने लगातार आक्रामक शॉट लगाए और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। होप ने 34वें ओवर में अपना 21वां वनडे शतक पूरा किया। यह भारत के खिलाफ उनका पांचवां वनडे शतक और लगातार दूसरा शतक था। शतक पूरा करने के बाद भी उन्होंने कोई बड़ा जश्न नहीं मनाया और तुरंत अगली गेंदों पर रन बनाने पर ध्यान दिया। होप ने अपनी नाबाद 162 रन की पारी में 17 चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 113 से अधिक रहा। उन्होंने पारी के आखिरी हिस्से में विशेष रूप से आक्रामक बल्लेबाजी की और भारत की जीत की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया।
भारत बनाम वेस्टइंडीज
- फोटो : ANI
आखिरी सात ओवर में बदला पूरा मैच
- वेस्टइंडीज को आखिरी सात ओवर में 66 रन की जरूरत थी। उस समय लग रहा था कि भारत के पास वापसी का मौका है, लेकिन होप ने कुलदीप यादव के ओवर में चौका और 83 मीटर का छक्का लगाकर समीकरण आसान कर दिया।
- इसके बाद भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ती गईं। 48वें ओवर में अंशुल कंबोज से बड़ी गलती हुई। उन्होंने नो-बॉल कर दी और उस समय होप 146 रन पर थे। होप ने फ्री हिट पर छक्का लगाकर अपना स्कोर 150 तक पहुंचाया और अगली गेंद पर चौका भी जड़ दिया। इस ओवर में वेस्टइंडीज को कुल 22 रन मिले।
- इसके बाद जीत महज औपचारिकता रह गई। होप ने नमन धीर की गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया और फिर अगली गेंद पर एक रन लेकर वेस्टइंडीज को पांच विकेट से जीत दिला दी। वेस्टइंडीज ने 10 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल किया।
भारत बनाम वेस्टइंडीज
- फोटो : ANI
मैच में छूटे कुल नौ कैच
मुकाबले में दोनों टीमों की क्षेत्ररक्षण की स्थिति भी चर्चा में रही। कुल नौ कैच छूटे। इनमें वेस्टइंडीज ने छह और भारत ने तीन कैच छोड़े। यह वनडे में एक मैच में सबसे ज्यादा कैच छूटने के रिकॉर्ड की बराबरी है। भारत की पारी के दौरान वेस्टइंडीज ने कई मौके गंवाए, जबकि रन चेज के दौरान भारतीय टीम भी कुछ महत्वपूर्ण कैच पकड़ने में नाकाम रही। इन मौकों का फायदा खास तौर पर शाई होप ने उठाया और अंत तक नाबाद रहते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया।
भारत बनाम वेस्टइंडीज
- फोटो : ANI
भारत ने 2-1 से जीती सीरीज
तीसरे वनडे में हार के बावजूद भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करके सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली थी। तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सांत्वना जीत हासिल की।
भारत के लिए लोकेश राहुल की नाबाद 129 रन की पारी और रोहित शर्मा की 92 रन की पारी बेहतरीन रहीं, लेकिन शाई होप की 162 रन की नाबाद पारी ने दोनों भारतीय बल्लेबाजों के प्रयासों पर पानी फेर दिया। वेस्टइंडीज ने 352 रन का लक्ष्य हासिल कर भारत के खिलाफ वनडे में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज भी दर्ज किया।