भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) वेस्टइंडीज के साथ होने वाली आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए स्थानों की संख्या घटा सकती है। हालांकि इसे लेकर बोर्ड ने अभी औपचारिक रूप से किसी भी तरह की चर्चा नहीं की है।
देशभर में कोरोना महामारी के मामलों में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है, जिसकी वजह से सख्ती और पाबंदियां भी बढ़ाई जाने लगी हैं। खेलों पर भी धीरे-धीरे इसका असर होने लगा है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) वेस्टइंडीज के साथ होने वाली आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए स्थानों की संख्या घटा सकती है। हालांकि इसे लेकर बोर्ड ने अभी औपचारिक रूप से किसी भी तरह की चर्चा नहीं की है।
विज्ञापन
वेस्टइंडीज की टीम फरवरी में भारत दौरे पर आएगी और यहां टी-20 और वनडे सीरीज खेलेगी। कैरेबियाई टीम को यहां तीन एकदिवसीय और इतने ही मैचों की टी-20 श्रृंखला खेलनी है, जिसकी शुरुआत छह फरवरी से अहमदाबाद से होगी।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, 'अभी तक कुछ भी तय नहीं किया गया है। यह एक मुश्किल स्थिति है और हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं, और हम उचित समय पर फैसला लेंगे।'
विज्ञापन
सीरीज के लिए फिलहाल अहमदाबाद, जयपुर, कोलकाता, कटक, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम का चयन किया गया है। यहां छह से 20 फरवरी तक पूरी सीरीज खेली जानी है।
देश में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, बोर्ड बहुत अधिक यात्रा से बचने के लिए तीन स्थानों पर छह खेलों की मेजबानी कर सकता है।
अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार वेस्टइंडीज की टीम एक फरवरी को अहमदाबाद पहुंचेगी और तीन दिन तक आइसोलेशन में रहेगी। इसके बाद चार और पांच फरवरी को वह मोटेरा में अभ्यास करेगी और फिर छह तारीख से पहला वनडे खेलेगी।