लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के चौथे टेस्ट मैच का निराशाजनक समापन हो गया।
चौथे मैच के ड्रॉ पर खत्म होने के साथ ही टीम इंडिया ने चार टेस्ट मैचों की यह सीरीज 2-0 से जीत ली, लेकिन अंतिम टेस्ट के ड्रॉ होने के कारण 6 दिन पहले मिले नंबर वन टेस्ट टीम का खिताब गंवा दिया।
मैच के ड्रॉ होने की वजह से पाकिस्तान आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंच गया है। पाकिस्तानी टीम पहली बार आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंची है।
पहले दिन बारिश से खेल बाधित होने से पहले वेस्टइंडीज ने 22 ओवर के खेल में 2 विकेट पर 62 रन बना लिए थे। इसके बाद मैच में एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी। 22 ओवर के खेल में भारतीय टीम की ओर से इशांत शर्मा और आर अश्विन एक-एक सफलता हासिल की।
हालांकि टॉस गंवाने के बाद मैच में भारत की शुरुआत शानदार रही थी क्योंकि टीम ने महज 48 रन तक भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को दो झटके दे दिए थे। लेकिन ने भारत की सीरीज में तीसरी जीत दर्ज करने की आशाओं पर पानी फेर दिया।
विश्व रैंकिंग पर नंबर एक पर बने रहने के लिए भारतीय टीम के लिए जीत हासिल करना जरूरी था। भारत के 110 अंक हैं जबकि पाकिस्तान के 111 अंक हैं। क्रिकेट इतिहास का यह पांचवां सबसे छोटा टेस्ट था जिसमें पांच दिन में केवल 22 ओवर का खेल हो सका।
अश्विन ने मैन ऑफ द सीरीज का लगाया छक्का
आर अश्विन
- फोटो : getty
सीरीज में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले रविचंद्रन अश्विन को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। टीम इंडिया की खेली गई पिछली सात टेस्ट सीरीज में अश्विन के नाम यह छठा मैन ऑफ द सीरीज खिताब है।
सातवां मैन ऑफ द सीरीज खिताब रोहित शर्मा के नाम रहा था जो उन्होंने अपने पदार्पण टेस्ट सीरीज में हासिल की थी।
अश्विन ने सीरीज के 4 मैचों में 58.75 की औसत से 235 रन बनाए और 23. 18 की औसत से 17 विकेट हासिल कर सीरीज जीत में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। अश्विन को विजडन प्रफॉर्मर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया।
कोहली ने अपने खिलाड़ियों की तारीफ
विराट कोहली
- फोटो : getty
भारतीय कप्तान विराट कोहली को सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए पुरस्कृत किया गया। विराट ने 4 मैचों में 62.75 की औसत से 351 रन बनाए। इस दौरान वह विदेश में दोहरा शतक बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बने।
मैच ड्रॉ होने के बाद रैंकिग में पहला स्थान खोने के सवाल पर कोहली ने कहा कि इसमें अभी लगातार बदलाव होता रहेगा। हम सीजन के अंत में अपने प्रदर्शन का आकलन करेंगे।
सीरीज में सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की विराट ने सराहना की और कहा कि सभी खिलाड़ियों के सही समय पर अच्छे प्रदर्शन से यह जीत हासिल हुई है। रोहित, अजिंक्य और भुवनेश्वर सहित सभी खिलाड़ियों ने सही समय पर अपना योगदान दिया।
अब अमेरिका में टी-20 सीरीज खेलने जाएंगी दोनों टीमें
रिद्धिमान साहा
- फोटो : getty
कप्तान विराट कोहली ने रिदिमान साहा की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि विकेटकीपर कितना प्रमुख होता है यह बात साहा ने साबित की है।
नए कोच अनिल कुंबले के बारे में विराट ने कहा कि उनका योगदान अहम है। विभिन्न परिस्थितियों में विकेट कैसे लें इस बारे में उनसे बहुत मदद मिली। कुंबले की तारीफ करते हुए कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि उनके (कुंबले) अंदर क्रिकेट के लिए पैशन अभी भी बाकी है।
इसके बाद भारत को घरेलू धरती पर न्यूजीलैैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। और वेस्टइंडीज पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।
सीरीज के बाद अब अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 26 और 27 अगस्त को दो टी-20 मैचों की सीरीज खेली जानी है।