दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के लिए पिछले कुछ महीने ठीक नहीं रहे हैं। उन्होंने दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले वनडे की कप्तानी से हटाया गया था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका से टीम इंडिया तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 1-2 से हार गई। फिर विराट ने टेस्ट की भी कप्तानी छोड़ दी। अब कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से नई शुरुआत करेंगे। उनके निशाने पर सचिन तेंदुलकर का एक रिकॉर्ड होगा।
कोहली घरेलू मैदान पर वनडे मैचों में पांच हजार रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन सकते हैं। इसके लिए उन्हें सिर्फ छह रनों की जरूरत है। कोहली ने भारतीय मैदानों पर 95 पारियों में 4994 रन बनाए हैं। इस मामले में उनसे आगे महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। तेंदुलकर ने 164 मैचों में 6976 रन बनाए हैं। उन्होंने 2012 में वनडे क्रिकेट से संन्यास लिया था।
सचिन तेंदुलकर
- फोटो : सोशल मीडिया
तेंदुलकर ने घरेलू मैदान पर 5000 रन पूरे करने के लिए 127 पारी लिए थे। कोहली उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। विराट ने अब तक 95 पारियां खेली हैं। अगर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे में वे छह रन बना लेते हैं तो 96 पारियों में ही 5000 रन पूरे कर लेंगे। इस तरह तेंदुलकर का एक और रिकॉर्ड विराट के नाम हो जाएगा।
रिकी पोंटिंग
- फोटो : सोशल मीडिया
कोहली की नजर सिर्फ सचिन के रिकॉर्ड पर ही नहीं होगी। वे ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी करने भी उतरेंगे। पोंटिंग ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 71 शतक लगाए हैं। इसके लिए उन्होंने 560 मैचों की 668 पारियां खेली थीं। विराट उनकी बराबरी से सिर्फ एक शतक दूर हैं। कोहली ने 451 मैचों की 503 पारियों में 70 शतक लगाए हैं।
विराट कोहली को अपने 71वें शतक का इंतजार लंबे समय है। उन्होंने पिछला शतक 22 नवंबर 2019 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। तब से कोहली एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी शतक नहीं लगा सके हैं। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि वे वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज में इस इंतजार को खत्म कर देंगे।