न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स आतों के कैंसर से जूझ रहे हैं। 51 साल के केर्न्स को कुछ दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनसे घर जाने के लिए कहा था। इसके बाद उनके अंदर आंतों के कैंसर की पहचान की गई है। केर्न्स ने खुद इंस्टाग्राम पर इस बात की जानकारी दी।
केर्न्स ने अपने पोस्ट में लिखा, "जहां तक इस हफ्ते की बात है, मैंने सोचा था कि टॉम ब्रैडी का रिटायर होना इस हफ्ते की सबसे खराब खबर होगी, लेकिन मुझे कल बताया गया था कि मुझे आंत का कैंसर है... यह बड़ा सदमा है, नियमित जांच के बाद मैं यह उम्मीद नहीं कर रहा था।
उन्होंने आगे लिखा "इसलिए, जब मैं सर्जनों और विशेषज्ञों के साथ बातचीत की तैयारी करता हूं, तो मुझे याद आता है कि मैं कितना भाग्यशाली हूं कि यहां पर हूं... और मैं अपने जीवन में जो कुछ भी कर पा रहा हूं उसके लिए मैं कितना भाग्यशाली हूं। आगे एक और लड़ाई है, लेकिन उम्मीद है कि यह आसान होगा।"
कैसा रहा केर्न्स का करियर
1989 से 2006 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 62 टेस्ट और 215 एकदिवसीय मैच खेलने वाले केर्न्स को दिल का दौरा पड़ा था और बाद में उनकी नस फटने की वजह से लंबे समय तक वो बिस्तर पर रहे थे। इस समय उनकी हालत काफी नाजुक थी। उनकी रीढ़ की हड्डी में भी परेशानी हुई थी और कमर के नीचे का उनका शरीर लकवाग्रस्त हो गया था। सिडनी के एक अस्पताल में इलाज के बाद वो बेहतर हुए थे।
हालांकि, बाद में उनका स्वास्थ्य काफी बेहतर हुआ और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने ठीक होने के बारे में भी बताया। 28 जनवरी को, केर्न्स ने बताया था कि कैनबरा विश्वविद्यालय के अस्पताल में एक 141 दिन रहने के बाद, वह घर जा रहे थे। अब एक हफ्ते बाद ही उनके अंदर कैंसर का पता चला है।