एशिया कप 2025 में भारत ने यूएई को नौ विकेट से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। बुधवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने मोहम्मद वसीम के नेतृत्व वाली टीम को 57 रन पर समेट दिया। इस दौरान कुलदीप यादव ने चार और शिवम दुबे ने तीन विकेट झटके। इस मुकाबले से जुड़ा एक वाकया अब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें सूर्यकुमार यादव ने खेल भावना की मिसाल पेश की।
सूर्यकुमार यादव ने दिखाया बड़ा दिल
यह घटना यूएई की पारी के 13वें ओवर की है। शिवम दुबे की गेंद को हिट करने के चक्कर में यूएई के बल्लेबाज जुनैद सिद्दीकी क्रीज से बाहर आ गए और विकेटकीपर संजू सैमसन ने मौका गंवाए बगैर थ्रो के साथ गिल्लियां उड़ा दीं। दरअसल, गेंद फेंकने से पहले शिवम दुबे ने रनअप लिया और उनकी तौलिया मैदान पर गिर गई जिससे बल्लेबाज का ध्यान भटक गया। चूंकि सैमसन ने उन्हें स्टंप आउट किया था, तो अंपायर ने भी उन्हें आउट करार दिया। इसके बाद थर्ड अंपायर ने भी स्पष्ट रूप से आउट करार दिया। हालांकि, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा दिल दिखाते हुए अपील वापस ले ली। उन्होंने माना कि बल्लेबाज का ध्यान तौलिए से भटक गया और इस कारण वह क्रीज में लौट नहीं पाया। इस फैसले को दर्शकों ने तालियों से सराहा और यह खेल भावना का अनोखा उदाहरण बन गया। हालांकि, इस खेल भावना का मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा। अगली ही गेंद पर सिद्दीकी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में सूर्यकुमार यादव के हाथों ही कैच आउट हो गए।
भारत ने जीत के साथ शुरू किया अभियान
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को नौ विकेट से हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई। जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल (20) और सूर्यकुमार यादव (7) नाबाद रहे। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने एक विकेट झटका। इससे पहले भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव ने चार और शिवम दुबे ने तीन विकेट झटके। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट झटके।