शनाका ने कहा कि श्रीलंका के द्वारा टीम की घोषणा में देरी करने से फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘हां, इससे हमें थोड़ा फायदा होगा, क्योंकि उन्होंने (भारत) इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं देखा है। मुझे लगता है कि उन्हें इन नए खिलाड़ियों के लिए भी अच्छी तैयारी करनी होगी।’
मौजूदा समय में श्रीलंकाई टीम का नेतृत्व करने की चुनौती के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हां, यह हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और बाहरी (मैदान के बाहर) समस्याओं से भी प्रभावित होते हैं। यह सब मायने रखता है, लेकिन दिन के अंत में आपको एक टीम के रूप में प्रदर्शन करना होगा, यह हम सभी की मुख्य चिंता है। मुझे यकीन है कि लड़के इस पर ध्यान देंगे।’
शनाका के मुताबिक भारत के खिलाफ खेलने के बाद उनकी टीम को अच्छा अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘अनुभव बहुत अच्छा होगा, आप दुनिया की शीर्ष टीमों में से एक के खिलाफ खेलना चाहते हैं। ऐसे में इस समय भारत के साथ खेलना बहुत अच्छा होगा, क्योंकि हमें खुद को परखने का मौका मिलेगा। यह हमारे लिए एक अच्छा टूर्नामेंट होगा।’