विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका
- फोटो : PTI
डब्ल्यूटीसी फाइनल को लेकर क्या बोले गिल?
गिल ने कहा, 'मुझे अब भी लगता है कि हमारे पास डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालिफाई करने का काफी अच्छा मौका है। अगर हम न्यूजीलैंड सीरीज अच्छा खेलते हैं और फिर ऑस्ट्रेलिया सीरीज तक ऐसी स्थिति में पहुंचते हैं जहां हमें सिर्फ सीरीज जीतनी हो, तो मुझे लगता है कि हम डब्ल्यूटीसी के लिए अच्छी स्थिति में होंगे।'
भारत बनाम श्रीलंका
- फोटो : PTI
श्रीलंका के खिलाफ जीत नहीं मिलने से निराश गिल
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन मेजबान टीम ने पांचवें दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच ड्रॉ करा लिया। श्रीलंका ने दिन का पूरा खेल खेलते हुए 229/6 के स्कोर से आगे बढ़कर भारत को जीत से दूर कर दिया। सोनल दिनुषा ने नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेलकर भारतीय गेंदबाजों की कोशिशों पर पानी फेर दिया।
गिल ने माना कि मैच का नतीजा उनके लिए निराशाजनक था। उन्होंने कहा कि भारत ने शुरुआत में काफी आक्रामक तरीके से विकेट हासिल करने की कोशिश की, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच धीमी होती गई और बल्लेबाजों के लिए रक्षात्मक रवैया अपनाना आसान हो गया।
भारत बनाम श्रीलंका
- फोटो : PTI
तीन दिन तक स्पिनरों ने डाले 50-60 ओवर
भारतीय कप्तान ने अपने गेंदबाजों और फील्डरों के प्रयास की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय स्पिनरों ने तीन दिनों तक लगातार 50-60 ओवर गेंदबाजी की, जबकि इन परिस्थितियों में लगातार तीन दिन फील्डिंग करना भी आसान नहीं था। गिल ने कहा, 'मैं प्रयास और इरादे के लिए 10 में से 10 अंक दूंगा। हमने वह सब करने की कोशिश की जो हम कर सकते थे। हमारी तरफ से तीव्रता या प्रयास में कोई कमी नहीं थी।'
मोहम्मद सिराज
- फोटो : ANI
सिराज की फिटनेस पर भी गिल ने दिया अपडेट
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की धीमी गति को लेकर उठ रहे सवालों पर गिल ने स्पष्ट किया कि वह चोटिल नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सिराज लंबे अंतराल के बाद मैदान पर लौटे हैं और लय हासिल करने में समय लग रहा है। गिल ने कहा कि सिराज गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भी अपनी पूरी गति में नहीं थे, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है।
प्रसिद्ध कृष्णा
- फोटो : PTI
प्रसिद्ध कृष्णा बने टीम के भरोसेमंद गेंदबाज
सिराज के अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के बीच प्रसिद्ध कृष्णा ने भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अच्छी तरह संभाली। गिल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि जब परिस्थितियां विकेट हासिल करने के लिए अनुकूल नहीं होतीं, तब भी प्रसिद्ध ने मौके बनाए हैं। गिल के मुताबिक, प्रसिद्ध इस सीजन में टीम के गो-टू बॉलर रहे हैं और कप्तान के तौर पर उन्हें ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो मुश्किल परिस्थितियों में भी विकेट के मौके पैदा कर सके।
भारत बनाम श्रीलंका
- फोटो : PTI
अब नजर न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया सीरीज पर
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भारत को जीत नहीं मिलने के बाद डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में उसकी राह कुछ चुनौतीपूर्ण जरूर हुई है, लेकिन गिल ने भरोसा जताया है कि टीम अभी भी फाइनल की दौड़ में मजबूती से बनी हुई है। भारत को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की विदेशी सीरीज खेलनी है, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में पांच टेस्ट मैच होंगे।