भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट में रोमांचक मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत के कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा कि इस मुकाबले में भले ही उनकी टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी, लेकिन अंततः टेस्ट क्रिकेट जीता। भारत ने मैच में लंबे समय तक दबदबा बनाए रखा, लेकिन श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुषा ने दूसरी पारी में भी शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को हार से बचा लिया।
सोनल दिनुषा
- फोटो : SLC
154 ओवर तक डटा रहा श्रीलंका
- भारत ने श्रीलंका पर दबाव बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भारतीय टीम ने करीब 150 ओवर तक फील्डिंग की, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने जबरदस्त संयम दिखाया।
- सोनल दिनुषा ने दूसरी पारी में भी शतक लगाकर भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। श्रीलंका ने 154 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की। मेजबान टीम के लिए यह ड्रॉ किसी जीत से कम नहीं रहा।
- गिल ने कहा, 'हमने करीब 150 ओवर तक फील्डिंग की और वह सब किया जो हम कर सकते थे। मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे। मौसम को ध्यान में रखते हुए फॉलोऑन जैसे फैसलों पर बात करना अब सिर्फ पीछे मुड़कर देखने वाली बात है।'
- उन्होंने आगे कहा, 'आप उस समय सबसे अच्छा फैसला लेते हैं और इस बार चीजें हमारे पक्ष में नहीं गईं। लेकिन यह शानदार मुकाबला था और मुझे लगता है कि आज टेस्ट क्रिकेट जीता।'
भारतीय टीम
- फोटो : IANS
भारत ने विपक्षी टीम से भी सीखा
शुभमन गिल ने श्रीलंका की वापसी की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय टीम के लिए इस मुकाबले में कई सकारात्मक पहलू रहे। उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई टीम जिस तरह मुकाबले में वापस आई, वह देखने लायक था। गिल ने भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने शानदार गेंदबाजी की।
देवदत्त पडिक्कल
- फोटो : PTI
पडिक्कल बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
- भारत के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। वहीं केएल राहुल समेत भारत के युवा बल्लेबाजों ने भी अपनी छाप छोड़ी। पडिक्कल ने माना कि टीम मुकाबला जीतना चाहती थी, लेकिन ड्रॉ के बावजूद इस मैच से काफी कुछ सीखने को मिला।
- उन्होंने कहा, 'अगर हम यह मैच जीतते तो बेहतर होता। यहां परिस्थितियां काफी धीमी थीं। ऐसी पिच पर बल्लेबाजी के लिए काफी स्पष्टता और योजनाओं की जरूरत होती है।'
- पडिक्कल ने कहा कि उनका ध्यान टीम की जीत पर है और वह किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करके योगदान देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने माना कि भारतीय टीम युवा है और खिलाड़ियों में आगे बेहतर प्रदर्शन करने की काफी भूख है।
सोनल दिनुषा
- फोटो : IANS
सोनल दिनुषा का कमाल
श्रीलंका के लिए इस मुकाबले के सबसे बड़े हीरो सोनल दिनुषा रहे। उन्होंने मैच की दोनों पारियों में शतक लगाकर भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए सोनल ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी तैयारी, कोचिंग स्टाफ और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने मैच से पहले अच्छी तैयारी की थी और उसी का फायदा उन्हें मुकाबले में मिला। सोनल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को भी अपनी सफलता का श्रेय दिया। उनके मुताबिक, टेलएंडर्स ने महत्वपूर्ण समय पर उनका साथ दिया और उन्हें रन बनाने में मदद की।
श्रीलंका की टीम
- फोटो : PTI
कप्तान धनंजय ने युवा खिलाड़ियों को दिया श्रेय
श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने युवा प्रतिभाओं को मौका देने के लिए चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ की तारीफ की। सोनल दिनुषा के शानदार प्रदर्शन को उन्होंने टीम के लिए अच्छी खबर बताया। धनंजय ने कहा कि युवा खिलाड़ियों का उभरना टीम के लिए एक अच्छा सिरदर्द है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उन्हें खुद दूसरी पारी में ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करनी चाहिए थी।
मानव सुथार
- फोटो : PTI
गिल ने मानव सुथार को बताया भविष्य का अहम खिलाड़ी
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने युवा स्पिनर मानव सुथार की भी तारीफ की। गिल ने उनके गेंद छोड़ने के तरीके की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में वह भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।