भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट के मामले में दिग्गज कपिल देव से आगे निकल गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन अश्विन ने कपिल देव के 434 टेस्ट विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अश्विन के अब टेस्ट क्रिकेट में 435 विकेट हो गए हैं।
35 वर्षीय अश्विन टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे अब सिर्फ अनिल कुंबले का नाम है। कुंबले ने 132 मैचों में 619 विकेट लिए हैं। अश्विन अब सर्वाधिक टेस्ट विकेट के मामले में शीर्ष 10 क्रिकेटरों की सूची में भी शामिल हो गए हैं और नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में अश्विन पांच विकेट ले चुके हैं। पहली पारी में उन्होंने दो विकेट लिए थे और दूसरी पारी में तीन विकेट ले चुके हैं। चरिथ असलंका का विकेट लेते ही अश्विन के नाम रिकॉर्ड दर्ज हो गया। उन्होंने मैच में बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी।