चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुक्रवार (चार मार्च) से शुरू हो रही है। मुकाबले से ठीक एक दिन पहले भारत के नए टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे के लिए रास्ते बंद नहीं हुए हैं। वे टीम की भविष्य की योजनाओं में शामिल हैं। हिटमैन ने यह भी कहा कि किसी भी बल्लेबाज के लिए उनकी जगह को भरना आसान नहीं है।
रहाणे और पुजारा को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया है। रोहित ने कहा कि रहाणे और पुजारा दोनों ने टेस्ट टीम को शीर्ष पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। रोहित ने कहा, "रहाणे और पुजारा के जगह को भरना मुश्किल है। इनदोनों के स्थान पर जो भी खिलाड़ी आएगा उसके लिए कुछ भी आसान नहीं होगा। पुजारा और रहाणे ने इस टीम के लिए जो किया है, उसे आप शब्दों में बयां नहीं कर सकते।"
भारत के नए कप्तान ने आगे कहा, "इतने सालों की कड़ी मेहनत से दोनों करीब 80-90 मैच खेले हैं। विदेशी जमीन जीत भी हासिल की। भारत को शीर्ष पर पहुंचाया। इन खिलाड़ियों ने मुश्किल समय में एक बड़ी भूमिका निभाई है। ऐसा नहीं है कि इन लोगों को भविष्य में नहीं चुना जाएगा। वे हमारी भविष्य की योजनाओं में हैं। जैसा कि चयनकर्ता ने भी कहा कि यह सिर्फ मौजूदा सीरीज के लिए है। सीरीज के बाद उनके नाम पर फिर से विचार किया जाएगा।"
केएल राहुल की अनुपस्थिति में अपने पसंदीदा सलामी जोड़ीदार के बारे में पूछे जाने पर रोहित ने कहा, "मैं एक कप्तान हूं और मैं सभी को टीम में पसंद करूंगा। इस बारे में हम सब कुछ देखेंगे और विश्लेषण करेंगे और फिर हम फैसला करेंगे। मयंक, शुभमन, श्रेयस और विहारी सभी शानदार हैं और वे भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं। इन खिलाड़ियों को ज्यादा मौके दिए जाने की जरूरत है।"