मदुशंका ने कोहली को क्लीन बोल्ड किया
- फोटो : सोशल मीडिया
टीम चयन में रोहित ने की गलती
आउट ऑफ फॉर्म ऋषभ पंत को रोहित शर्मा ने लगातार दूसरे मैच में मौका दिया। मध्यक्रम में ज्यादा रन बनाने वाले दीपक हुड्डा को उन्होंने फिनिशर की भूमिका में उतारा। दिनेश कार्तिक को अगर रोहित चुनते तो वह विकेटकीपिंग के साथ-साथ बल्लेबाजी में फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते थे। ऐसे में दीपक हुड्डा को टीम में रखने की जरूरत नहीं पड़ती। अक्षर पटेल की जगह बन जाती। वह सटीक गेंदबाजी के साथ-साथ उपयोगी रन भी बनाने में सक्षम हैं। वेस्टइंडीज दौरे तक उन्हें रवींद्र जडेजा के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन एशिया कप में जडेजा के चोटिल होने के बाद उन्हें चुना ही नहीं गया।
राहुल एक बार फिर से फेल: कप्तान रोहित और टीम प्रबंधन ने राहुल के ऊपर लगातार चौथे मैच में भरोसा जताया। राहुल इस भरोसे पर खरे नहीं उतर पाए। वह सात गेंद पर छह रन बनाकर आउट हो गए। इस बार उन्हें स्पिनर महीश तीक्ष्णा ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। एशिया कप में राहुल ने क्रमश: छह, 28, 36 और शून्य रन बनाए हैं।
विराट कोहली इस बार नहीं कर सके कमाल: टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके। चार गेंदों का सामना करने के बाद वह शून्य पर क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने पिछले दो मैचों में अर्धशतक लगाया था।
मध्यक्रम ने फिर किया निराश: शीर्ष क्रम के दो बल्लेबाजों के फेल होने के बाद मध्यक्रम से उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन टीम को निराशा हाथ लगी। सूर्यकुमार यादव ने मध्यक्रम में सबसे ज्यादा 34 रन बनाए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 117.24 का रहा। क्रीज पर टिकने के बाद उन्होंने अपना विकेट फेंक दिया। पहले मैच के हीरो हार्दिक पांड्या 17, बाएं हाथ के बल्लेबाज ऋषभ पंत 17 और दीपक हुड्डा तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए।