फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका में भारतीय गेंदबाजों की टॉप-5 बेहतरीन स्पेल, जब चला था भज्जी-बुमराह का जादू

Tue, 21 Dec 2021 06:50 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जोहानिसबर्ग

सार

दक्षिण अफ्रीका में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है, वहीं स्पिनर्स को जूझना पड़ता है। हालांकि, 2010 में डरबन में हरभजन सिंह का जादू चला था। 2010 में भारतीय टीम दिसंबर में तीन टेस्ट की सीरीज के लिए अफ्रीकी दौरे पर पहुंची थी।
विज्ञापन
भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 26 दिसंबर से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी। पहला टेस्ट सेंचूरियन में खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका के पिच तेजी और उछाल के लिए जाने जाते हैं। पिछले 10 साल में वहां 8089 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं। वहीं, स्पिनर्स ने 5052 विकेट लिए। ऐसे में इस बार भी दोनों टीमों अपने-अपने तेज गेंदबाजों पर निर्भर रहेंगी। हम आपको दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर भारतीय गेंदबाजों के टॉप पांच प्रदर्शन और बेहतरीन स्पेल्स के बारे में बताने जा रहे हैं...
विज्ञापन

1. जसप्रीत बुमराह

जसप्रीत बुमराह - फोटो : अमर उजाला
2018 तक भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी धाक जमा ली थी। हालांकि, उसका असली 'टेस्ट' 2018 से शुरू हुआ। भारत को जनवरी में ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी थी। बुमराह पहली बार टेस्ट टीम में चुने गए थे। पहले दो टेस्ट में भारत को मुंह की खानी पड़ी। दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 2-0 से आगे चल रहा था। इन दो टेस्ट में बुमराह सिर्फ सात विकेट निकाल पाए।

इसके बाद 24 जनवरी से जोहानिसबर्ग में तीसरे टेस्ट की शुरुआत हुई। पहली पारी में भारतीय टीम 187 रन बनकार आउट हो गई। उस वक्त भारत को किसी ऐसे गेंदबाज की जरूरत थी, जो उन्हें विकेट निकालकर दे। तब बुमराह ने चुनौती स्वीकार की और दक्षिण अफ्रीका के अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बुमराह ने पहले हाशिम अमला और क्विंटन डिकॉक को पवेलियन भेजा। 

फिर लोअर ऑर्डर को तबाह कर दिया। उन्होंने 54 रन देकर पांच विकेट लिए। इसकी बदौलत पहली पारी में अफ्रीकी टीम 194 रन बना सकी। दूसरी पारी में भारत ने 247 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका को 177 रन पर समेट कर 63 रन से जीत हासिल की। 
 

2. मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी - फोटो : अमर उजाला
2018 में जोहानिसबर्ग में खेले गए इसी टेस्ट में जहां पहली पारी में बुमराह का जादू चला, वहीं दूसरी पारी में मोहम्मद शमी की घातक स्विंग देखने को मिली। दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 194 रन पर आउट करने के बाद भारत ने दूसरी पारी में 247 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के सामने 241 रन का लक्ष्य रखा।

इसके बाद शमी का कहर देखने को मिला। उन्होंने पहले तो एडेन मार्कराम को पवेलियन भेजा। फिर लोअर ऑर्डर को तहस नहस कर दिया। शमी ने 12.3 ओवर में 28 रन देकर पांच विकेट झटके। इसकी बदौलत भारत ने सीरीज में व्हाइटवॉश होने से खुद को बचाया। 

3. हरभजन सिंह

हरभजन सिंह - फोटो : अमर उजाला
दक्षिण अफ्रीका में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है, वहीं स्पिनर्स को जूझना पड़ता है। हालांकि, 2010 में डरबन में हरभजन सिंह का जादू चला था। 2010 में भारतीय टीम दिसंबर में तीन टेस्ट की सीरीज के लिए अफ्रीकी दौरे पर पहुंची थी। पहले टेस्ट में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। डरबन में दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का अवसर प्राप्त हुआ। डेल स्टेन (6 विकेट) के सामने भारतीय बल्लेबाजों की एक न चली और टीम 205 रनों पर ढेर हो गई।

इसके बाद बारी थी भारतीय गेंदबाजों की। हरभजन सिंह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। भज्जी ने 7.2 ओवर में 10 रन देकर चार विकेट चटकाए। इसके अलावा जहीर खान ने तीन विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीकी टीम 131 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी में 228 रन बनाए और 302 रन का लक्ष्य रखा। 

जवाब में अफ्रीकी टीम 215 रन पर सिमट गई। भारत ने यह टेस्ट 87 रन से जीता। सीरीज 1-1 से बराबरी पर आ गई थी। आखिरी टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ और सीरीज 1-1 की बराबरी पर ही खत्म हुई।

4. ईशांत शर्मा

ईशांत शर्मा - फोटो : अमर उजाला
2013 के दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर भारतीय टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने दक्षिण अफ्रीका पहंची थी। पहला टेस्ट जोहानिसबर्ग में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 280 रन बनाए। इसके बाद ईशांत शर्मा ने गजब की गेंदबाजी की। उन्होंने अल्वीरो पीटरसन, हाशिम अमला और जैक कैलिस को आउट किया। इसके बाद डेल स्टेन को भी पवेलियन भेजा। ईशांत ने पहली पारी में 79 रन देकर चार विकेट झटके। इसकी बदौलत अफ्रीकी टीम 244 रन बनाकर आउट हो गई। दूसरी पारी में भारत ने 421 रन बनाए।

दूसरी पारी में पुजारा और कोहली की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर टीम को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ाया। कोहली और पुजारा ने तीसरे विकेट के लिए 222 रन जोड़े। पुजारा बेहतरीन 153 रन बनाकर कैलिस की गेंद पर आउट हुए। पारी में उन्होंने 270 गेंद खेलीं और 21 चौके लगाए। कोहली बदकिस्मत रहे और लगातार दूसरा शतक लगाने से महज चार रन से चूक गए।

भारत ने 106 में आखिरी आठ विकेट गंवा दिए और टीम इंडिया 421 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह अफ्रीका को 458 का लक्ष्य मिला। डीविलियर्स और डुप्लेसिस ने मिलकर भारत को परेशानी में डल दिया था और 205 रन जोड़ दिए थे। इसके बाद ईशांत ने डीविलियर्स को आउट कर दिया। आखिर में फिलेंडर और डेल स्टेन ने मिलकर मैच ड्रॉ कराया।
विज्ञापन

5. एस श्रीसंत

एस श्रीसंत - फोटो : अमर उजाला
2006 में जब भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर पहुंची थी, तब शायद ही किसी को पता था कि टीम यहां इतिहास रचने वाली है। इस सीरीज का पहला टेस्ट जोहानिसबर्ग में खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम श्रीसंत की घातक गेंदबाजी के सामने पहली पारी में 84 रन पर ही सिमट गई।

श्रीसंत ने ग्रीम स्मिथ, हाशिम अमला और जैक कैलिस को दोनों पारियों में आउट किया। पहली पारी में उन्होंने 10 ओवर में 40 रन देकर पांच विकेट लिए। वहीं, दूसरी पारी में श्रीसंत ने तीन विकेट लिए। भारत यह मैच 123 रन से जीता। यह दक्षिण अफ्रीकी जमीन पर उसी के खिलाफ भारत की पहली जीत रही। श्रीसंत को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी दिया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें